बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। इस दौरान खुलना में एक वोटिंग सेंटर के बाहर जमात-ए-इस्लामी कार्यकर्ताओं के साथ झड़प में एक BNP नेता मोहिबुज्जमान कोच्चि की मौत हो गई। BNP का कहना है कि उनकी मौत तब हुई जब जमात के एक नेता ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वो पेड़ से टकरा गए। वहीं, जमात नेता का दावा है कि मोहिबुज्जमान हंगामे के दौरान बीमार पड़ गए थे और उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। उधर बांग्लादेश के मुंशीगंज-3 और गोपालगंज सदर इलाके में वोटिंग सेंटर के बाहर देसी बम फेंके गए। मुंशीगंज-3 में धमाके के बाद कुछ देर के लिए वोटिंग रोकी गई थी, जो अब फिर से शुरू हो गई है।
वहीं गोपालगंज सदर इलाके में धमाके से दो अंसार जवान (अर्द्धसैनिक बल) और एक 14 साल की लड़की घायल हो गई। बांग्लादेश में करीब 12.7 करोड़ मतदाता आज अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस चुनाव में युवाओं की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि लगभग आधे मतदाता 18 से 37 साल के हैं। इनमें करीब 45.7 लाख मतदाता पहली बार वोट डालेंगे।



News Wani
