ठाणे के मुंब्रा में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 20 वर्षीय युवक ने 10 वर्षीय बच्ची को खिलौना देने के बहाने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया, उसके बाद उसने उस मासूम के साथ रेप किया और हत्या कर दी। इसके बाद उसने लड़की के शव को अपने फ्लैट की छठी मंजिल की खिड़की से नीचे फेंक दिया। यह घटना न केवल स्थानीय लोगों को हिला देने वाली है, बल्कि पूरे समाज को भी झकझोरने वाली है।
ठाणे पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार रात को मुंब्रा इलाके के सम्राट नगर इलाके के में हुई। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन चीफ यासीन तड़वी ने बताया कि घटना की जानकारी रात 11.48 बजे मिली थी। जिस इमारत में यह घटना हुई वो 10 मंजिला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बिहार के बांका जिले के सुल्तानपुर का रहने वाला है। वो खिलौना देने का लालच देकर बच्ची को अपने साथ ले गया था। इसके बाद 6वीं मंजिल पर मौजूद अपने फ्लेट में उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ POCSO, हत्या, सबूत मिटाने और झूठी जानकारी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के फ्लैट की तलाशी ली गई। वहां से सबूत मिले हैं। आरोपी ने बिल्डिंग के पीछे मौजूद नाले में शव फेंका था। श्री तड़वी ने बताया, “कुछ महिलाओं ने एक जोरदार आवाज सुनी और पुलिस को सूचित किया।”
मुंब्रा पुलिस, अग्निशमन दल, क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और एक निजी एम्बुलेंस सहित इमरजेंसी सर्विसेज के साथ त्वरित प्रतिक्रिया हुई, सभी घटनास्थल पर पहुंचे। श्री तड़वी ने बचाव दलों के सामने आई मुश्किल परिस्थितियों को रेखांकित करते हुए कहा, “शाफ्ट की संकरी संरचना के कारण चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के बावजूद, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बच्ची को बाहर निकाल लिया।” दुखद बात यह है कि उनके प्रयासों के बावजूद, कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में पहुंचने पर बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी आसिफ मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया गया है।