भाकियू ने बर्बाद फसलों का मुआवजा दिये जाने की उठाई मांग – मासिक बैठक में अन्य समस्याओं पर की चर्चा

फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक गुट की मासिक बैठक सदर तहसील प्रांगण में आयोजित हुई। जिसमें बर्बाद फसलों का मुआवजा दिलाए जाने की मांग उठाई गई। साथ ही अन्य समस्याओं को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला महासचिव प्रीतम सिंह चंदेल ने की। बैठक में कहा गया कि सदर तहसील की ग्राम सभाओं में अतिवृष्टि व असमय वृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। जांच करवाकर मुआवजा दिया जाए। बहुआ ब्लाक के ग्राम शाह व बड़ागांव में अन्ना पशुओं से किसान व राहगीर परेशान हैं। तत्काल जानवर पकड़कर राहत दी जाये। लेखपालों द्वारा बनी घरौनी गलत हैं कई गांव की शिकायतें हैं उन्हें सही करवाया जाये। राशन वितरण प्रणाली में राशन कम मिलने की शिकायतों पर इंस्पेक्टर बहुआ सुषमा पांडेय फर्जी रिपोर्ट लगा रही हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई की जाये। स्कूलों में बच्चों के आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र की मांग चल रही है। आनलाइन के बाद भी लेखपाल पंद्रह-पंद्रह दिनों तक रिपोर्ट नहीं लगाते हैं। बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए तत्काल रिपोर्ट लगाई जाये। बैंकों में किसान क्रेडिट कार्ड धारकों का फसल बीमा हर बार काटा जाता है। फसलों में हुए नुकसान की भरपाई बीमा कंपनी से कराई जाये। असोथर विकास खंड के यमुना तटवर्ती गांव अढ़ावल, उरौली, दसौली, ललौली आदि गांवों के अन्ना पशु पकड़े जायें। भिटौरा व हस्वा ब्लाक में भी अन्ना पशुओं की समस्या है। पशुओं को अतिशीघ्र पकड़वाकर गौशाला में बंद करवाया जाये। थरियांव से हथगाम रोड पर प्रतीक्षालय पर अनाधिकार कब्जा है इसे खाली कराया जाये। इसके अलावा अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर सदर तहसील अध्यक्ष दीपक गुप्ता के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.