रखवाली करने वाला नौकर बना हत्यारा

 

बांदा के बबेरू में मंगलवार देर रात खेत पर सो रहे पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला हुआ। नौकर ने ही साथी के साथ मिलकर मालिक पर वार किया। पहले बेटे के गले को चाकू से गोदा, जिससे उसकी मौत हो गई। इसी बीच बचाव करने आए पिता को पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिससे वे घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।

पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। घायल पिता की बेटी से आरोपी का प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। आज ही लड़की का बरीक्षा होने वाला था। इसी बात से गुस्सा होकर प्रेमी ने भाई को मार डाला। एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

खेत की रखवाली के लिए पिता पुत्र सोए थे
मामला बबेरू के निभौर गांव के तरसियन डेरा का है। देव लाल (52) अपने बेटे राजू (28) के साथ मंगलवार रात खेत की रखवाली करने के लिए गए थे। रात ज्यादा होने पर वे दोनों वहीं पर सो गए। उनके साथ भटौली गांव का रहने वाला रामरूप भी सोया था। रामरूप उनके साथ रहकर खेतीबाड़ी करता था। घर पर आना जाना लगा रहता था।

साथ में काम करने वाले युवक ने की हत्या
देव लाल ने बताया, “खेत पर बनी झोपड़ी में बेटा और रामरूप अगल बगल सोए थे। रात करीब 2 बजे की बात है। बेटे की चिल्लाने की आवाज आई। नींद खुली तो देखा कि रामरूप बेटे पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर रहा है। उसके साथ एक और व्यक्ति था। दोनों ने मिलकर चाकू से गोदकर मेरे बेटे की हत्या कर ली।

मैं बीच बचाव करने गया तो मेरे ऊपर भी कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर दिया। इसी बीच चिल्लाने की आवाज सुनकर आस पास के लोग भी आ गए। लोगों को आता देख दोनों आरोपी तुरंत भाग गए।”

दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
इसके बाद देव लाल ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस पहुंची। मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया। आज सुबह एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र पहुंचे।

राजू के गले पर चाकू से किया गया था वार
​​​​​​
​​​​उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर युवक का शव मिला, उसके गले पर चोट के निशान थे। गला काटकर हत्या की गई, जबकि पिता घायल हैं। घायल पिता देव लाल की तहरीर पर रामरूप व एक अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.