जयमाला में फायरिंग ,दूल्हे के चाचा समेत 2 को लगी गोली

 

भोजपुर में शादी में जयमाला के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। इसमें फोटो खींच रहे दूल्हे के चाचा समेत दो लोगों को गोली लग गई। दोनों का इलाज जारी है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में एक युवक पिस्टल हाथ में लिए दिख रहा है। हालांकि युवक कौन है इसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।

नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव में बुधवार की रात जयमाल के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। फायरिंग के दौरान गोली लगने से लड़के के चाचा समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद परिजन द्वारा उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। दूल्हा भी शादी छोड़कर सीधे अस्पताल पहुंचा।

घायलों में पवना थाना क्षेत्र के काकन डीहरा गांव निवासी अयोध्या साव के 45 वर्षीय पुत्र विनोद साव एवं राजकुमार साव का 22 वर्षीय पुत्र मनोज साव उर्फ रजनी हैं। इसमें विनोद साह पेशे से व्यवसायी हैं और नवादा थाना क्षेत्र के बहिरो में उनका छड़–सीमेंट की दुकान है। विनोद साव को दाहिने हाथ में बांह पर और मनोज साव उर्फ रजनी को बायें हाथ में बांह पर गोली लगी है जो आर-पार हो गई है।

घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। देखते ही देखते शादी में भगदड़ मच गई एवं लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना इंचार्ज नीता कुमारी अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई हैं।

इधर जख्मी विनोद साह ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई भगवान साह के पुत्र और उनके चचेरे भतीजे अमित साह की बारात नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी मुन्ना साह के घर गई थी।

जहां जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था और वह लोग जयमाल का फोटो खींच रहे थे। उसी दौरान पीछे में खड़े एक युवक द्वारा फायरिंग कर दी गई। इसमें फायरिंग के दौरान दोनों को गोली लग गई। दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

इसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। हालांकि गोली किसने चलाई यह स्पष्ट नहीं हो सका है। बहरहाल वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.