पक्के पुलों का काम धीमी गति से होने से बढ़ रही राहगीरों की मुश्किलें गंगा और यमुना नदी पर बन रहे पक्के पुल का काम अधूरा

खागा/फतेहपुर। गंगा और यमुना नदी पर निर्माणाधीन पक्के पुलों पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाना इस वर्ष भी मुश्किल बना है। किशुनपुर और बांदा जनपद के दांदो घाट के मध्य यमुना नदी पर बन रहा पक्का पुल, मिट्टी पुराई अधूरी होने से यातायात के लिए नहीं तैयार हो सका। विभागीय अधिकारियों ने पूर्व में दावा किया था कि बारह दिसंबर से इसे पैदल राहगीरों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। सुस्त गति से जारी मिट्टी पुराई की वजह से ऐसा हो पाना मुश्किल लग रहा है। यमुना नदी पर किशुनपुर और दांदो घाट के मध्य वर्ष 2016 से पक्का पुल निर्माण जारी है। 92 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे पक्का पुल पर यातायात शुरू होने के बाद बांदा, चित्रकूट आदि जनपद के लोगों को फतेहपुर व रायबरेली होकर प्रदेश मुख्यालय तक का सफर करने में आसानी होगी। गंगा नदी पर नौबस्ता और रायबरेली जनपद के गंगा का पुरवा घाट के मध्य निर्माणाधीन पक्का पुल का काम लगभग पूरा होने की स्थिति में है। रेलिंग तैयार करने का काम कुछ स्थान पर बाकी है। जिसे सेतु निगम द्वारा तेजी के साथ पूरा किया जा रहा है। नौबस्ता घाट की ओर मिट्टी पुराई पूरी हो चुकी है, रायबरेली जनपद की ओर एप्रोच तैयार करने का काम अधूरा है। किशनपुर-दांदो पक्का पुल में कस्बा की ओर ट्रैक्टर और छोटी ट्रालियों की मदद से एप्रोच में मिट्टी पुराई की जा रही है। यह कार्य बीते एक महीने से चल रहा है। एसडीएम मनीष कुमार ने निरीक्षण के दौरान साथ रहे संस्था कर्मियों को निर्देशित किया कि मिट्टी पुराई के लिए संसाधन बढ़ाए जाएं।
इनसेट
प्रदेश मुख्यालय का सफर होगा आसान
फतेहपुर। यमुना और गंगा नदी पर निर्माणाधीन पक्के पुलों का काम समाप्त होने का इंतजार हो रहा है। दोनों पुलों पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद बांदा से लखनऊ का सफर बेहद आसान हो जाएगा। बांदा, चित्रकूट के वाहन सवार खागा कस्बा होकर वाया रायबरेली प्रदेश मुख्यालय तक आवाजाही कर सकेंगे।
इनसेट
जल्द शुरू होगी आवाजाही
फतेहपुर। लोक निर्माण प्रान्तीय खण्ड अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि दोनों पुलों में विभागीय कार्य जो भी शेष है, उसे जल्द पूरा किया जाएगा। किशुनपुर-दांदो पक्का पुल पर जनवरी महीने में वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.