33 पुलिस कर्मियों का कटा चालान – यातायात नियमों का पालन न करने पर हुई कार्रवाई

फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह यातायात नियमांे को लेकर बेहद सख्त रूख अपनाये हुए हैं। उनके निर्देशन में जहां समय-समय पर आम जनता के लिए अभियान चलता है वहीं अब खाकी के लिए भी अभियान शुरू हो गया है। आज चले इस अभियान में 33 वर्दीधारी लपेटे में आ गये और नियमों का पालन न करने पर चालान की कार्रवाई करते हुए हिदायत दी गई कि यातायात नियमों का पालन करें।
गुरूवार को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों के नेतृत्व में थाना प्रभारियों व थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्र में यातायात नियमों का पालन न किये जाने पर चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस कर्मियों के लिए रहा। जो भी निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, महिला आरक्षी व होमगार्ड बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के मिले उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इस अभियान में एक निरीक्षक, दो उपनिरीक्षक, पांच मुख्य आरक्षी, उन्नीस आरक्षी, दो महिला आरक्षी व चार होमगार्ड समेत कुल 33 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस कर्मियों को सख्त हिदायत दी गई कि यातायात नियमों का सभी लोगों को पालन करना है क्योंकि पुलिस जब आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करती है तो स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करे। तभी नियम सार्थक होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.