विवेकानंद के आदर्शों से भारत बनेगा विश्व गुरु: शिवेंद्र – विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प – यंग इंडिया रन मैराथन में प्रियंका व अभिषेक रहे अव्वल

फतेहपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व की ओर से यंग इंडिया रन मैराथन के आवाहन के क्रम में आईटीआई मैदान पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में सुबह से ही युवाओं का उत्साह देखने को मिला। प्रातः 8 बजे से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिए युवा आईटीआई मैदान में तैनात दिखाई दिए। आईटीआई परिसर से शुरू हुई मैराथन वर्मा चौराहा, ज्वालागंज, चौक, मुराइन टोला, पत्थरकटा, पटेल नगर चौराहा होते हुए आईटीआई परिसर में समाप्त हुई। छात्राओं की मैराथन प्रतियोगिता में प्रियंका प्रथम, शिवांशी द्वितीय, प्रीति एवं पूनम सिंह सामूहिक रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। वही बालकों की प्रतियोगिता में खागा के रहने वाले अभिषेक यादव ने दबदबा बनाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। खखरेरू के रहने वाले अखिलेश सोनकर ने दूसरा व विजय द्विवेदी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युवा मोर्चा शिवेंद्र सिंह रहे। जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा ने मैराथन में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा ही भारत का भाग्य विधाता है। प्रथम विजेता को 5100 रुपए, द्वितीय विजेता को 3100 रुपए एवं तृतीय स्थान वाले को 2100 रुपए का नगद पुरस्कार भी दिया गया। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह ने विवेकानंद के जीवन के आदर्शों पर चलने का संकल्प दिलाया। कहा कि विवेकानंद के आदर्शों से ही भारत विश्व गुरू बनेगा। जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा ने कहा कि इस दौड़ में सभी जीते हैं क्योंकि जिनके जीवन चरित्र पर चलने का संकल्प हम सब लोगों ने लिया है वह समूची दुनिया के लिए आदर्श विजेता थे। संचालन जिला महामंत्री प्रसून तिवारी ने किया। इस अवसर पर पुष्पराज पटेल, शैलेंद्र रघुवंशी, ज्योति प्रवीण, संजय पांडेय, क्रीडा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर वीर सिंह चौहान, सीओ यातायात प्रगति यादव, प्रदीप बाजपेई, विमलेश पांडेय, गौरव अग्रहरी, सावन गुप्ता आशीष तिवारी, राजवर्धन सिंह, उदय प्रताप सिंह, रोहित कश्यप समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.