भौंकने पर कुत्तों को मारी गोली

कानपुर में एक दबंग ने भौंकने पर दो कुत्तों को गोली मार दी। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को लोगों ने वेटनरी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों की टीम उसे बचाने में जुटी है। मामला काकादेव थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर का है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई है।

गुस्से में असलहे से मारी गोली
सर्वोदय नगर लावण्या हाउस मोहल्ले में पर्वतारोही गुड़िया ठाकुर रहती हैं। उन्होंने बताया कि इलाके में रहने वाला ज्ञानेंद्र शर्मा उर्फ ज्ञानू दबंग है। गुरुवार रात वह नशे की हालत में मोहल्ले में पहुंचा, तो कुत्ते भौंक रहे थे। गुस्से में आकर उसने दो कुत्तों को गोली मार दी। इसमें एक कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वह प्रेग्नेंट भी है। इसके बाद दबंग गाली-गलौज करते हुए अपने घर में चला गया।

इसके बाद मोहल्ले वालों ने इसकी जानकारी काकादेव थाने की पुलिस को दी। लेकिन, पुलिस भी मौका-मुआयना करके लौट गई। मोहल्ले के लोगों ने दोनों कुत्तों को रायपुरवा के सरकारी वेटरनरी हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां से एक कुत्ते के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

 पुलिस अभी तक नहीं कर पाई गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने पर PETA संस्था से जुड़ी अर्चना त्रिपाठी और पर्वतारोही गुड़िया ठाकुर आगे आईं। अर्चना की मदद से गुड़िया ने आरोपी के खिलाफ काकादेव थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने FIR दर्ज की है। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की जगह सिर्फ FIR दर्ज करके पल्ला झाड़ लिया। पुलिस उसे न तो अभी तक अरेस्ट कर सकी है और न ही यह पता नहीं लगा सकी कि आखिर अवैध तमंचे से गोली मारी गई या फिर लाइसेंसी बंदूक से। वादी ने मामले में आर्म्स एक्ट भी बढ़ाने की मांग की है।

पकड़ने के लिए टीम बनाई गई
ACP स्वरूप नगर मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि कुत्तों को गोली मारने के आरोपी ज्ञानेंद्र शर्मा उर्फ ज्ञानू के खिलाफ के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश में पुलिस टीम को लगाया गया है। इसके साथ ही शस्त्र का लाइसेंस निरस्त करने के लिए भी रिपोर्ट बनाकर भेजने के लिए थाना प्रभारी को आदेश दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.