छात्रा से सहेली के पिता ने किया रेप तंग आकर छात्रा ने किया सुसाइड

 

आगरा में रविवार को सहेली के पिता से परेशान होकर 7वीं की 14 साल की छात्रा ने सुसाइड कर लिया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में छात्रा से रेप की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने रेप और पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ा दी है।

आरोपी छात्रा पर चैटिंग करने और बातचीत करने का दबाव बनाता था। वहीं, रास्ते में भी लड़की को रोककर बदतमीजी करता था। इससे परेशान होकर छात्रा ने सुसाइड किया था। मामला खंदौली थाना क्षेत्र का है।

रविवार को माता-पिता गांव से बाहर खेतों पर पानी डालने के लिए गए थे। तभी शाम को बेटे ने फोन कर पिता को छात्रा की खुदकुशी की जानकारी दी। लड़की का शव रविवार को शव कमरे में छत की कुंडी से लटकता मिला था। इसके बाद आसपास के लोग भी आ गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया था। वारदात के दिन ही पीड़िता के पिता ने आरोपी राघवेंद्र के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।

खंदौली थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी रिश्तेदारी से 12 साल पहले एक दो साल की लड़की को गोद लिया था। तभी से वह उसकी बिटिया का लालन-पालन कर रहा था। वह लड़की अब 14 साल की हो गई थी। वह गांव के ही स्कूल में पढ़ती थी। स्कूल में ही आरोपी राघवेंद्र की बेटी कृतिका भी पढ़ती थी।

पिता ने बताया, “मेरी बेटी और कृतिका में शुरू से ही गहरी दोस्ती थी। दोनों का एक-दूसरे के घर पर आना-जाना होता था। हमारी कोई लड़की नहीं थी, इसलिए उसे गोद लिया था। हमेशा से वह हम सबकी लाडली थी। इसी वजह से उस पर कभी कोई रोक-टोक नहीं की। कुछ दिनों से बेटी परेशान लग रही थी। यह बात मैंने अपनी पत्नी को भी बताई। पत्नी ने भी बेटी से बात जानने की कोशिश की, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। मगर, इसी बीच पता चला कि उसकी किसी से फोन पर ज्यादा बात हो रही है।”

उन्होंने बताया, ”पिछले हफ्ते ही पत्नी ने बेटी से फिर से पूछा। तब बेटी ने बताया था कि राघवेंद्र उसे परेशान करता है। बेटी ने बताया था कि राघवेंद्र पिछले एक महीने से उसके पीछे पड़ा है। रास्ते में आते-जाते बदतमीजी करता है। हमेशा फोन कर बात करने के लिए बोलता है। मना करने पर जान से मारने की धमकी भी देता है। जब भी हम लोग घर से बाहर जाते, राघवेंद्र घर पर आकर बेटी को परेशान करता था।”

छात्रा ने राघवेंद्र पर जबरन संबंध बनाने के भी आरोप लगाए थे। इस बाबत घरवालों ने उसे राघवेंद्र से बात नहीं करने की सलाह दी थी। लेकिन, राघवेंद्र को मना नहीं किया था। इससे परेशान होकर बेटी ने सुसाइड कर लिया।

भाई ने बताया, “शाम को दीदी किसी से फोन पर बात कर रही थी। वह चीख रही थी, रो भी रही थी। बार-बार फोन नहीं करने की बात कह रही थी। करीब आधे घंटे तक वह आंगन में फोन पर बात करती रही। इसके बाद गुस्से में छत पर बने कमरे में गई और फांसी लगा ली। मैं दीदी को बुलाने गया था, तब इस बात की जानकारी हुई।”

 

पोस्टमॉर्टम के बाद आधी रात घर लेकर पहुंचे शव
परिजन शव को पोस्टमॉर्टम के बाद आधी रात को लेकर गांव पहुंचे। पुलिस को छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल में आरोपी राघवेंद्र नंबर मिले हैं। मामले में SO खंदौली ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में छात्रा के साथ रेप की बात सामने आई है। इसके आधार पर ही मुकदमे में धारा 376 और पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ाई गई है।

बताया जा रहा है कि आरोपी राघवेंद्र भाजपा नेता है। वह अक्सर भाजपा के नेताओं के साथ फोटो खिंचवाकर पोस्ट करता रहता है। सपा के मीडिया सेल और अखिलेश यादव ने आरोपी के एक विधायक और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष के साथ फोटो ट्वीट किए हैं। सपा ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए लिखा है- इस भाजपा नेता पर कब बुलडोजर चलेगा। ये भाजपा और आरएसएस नेताओं का दुलारा है, इसलिए बचा है। वहीं, सपा नेता मंगलवार को मृतका के घर पर पहुंचे। मृतका के पिता को मदद का आश्वासन दिया।

वहीं, एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने बातचीत में कहा कि इस तरह कार्यकर्ता उनके साथ फोटो खिंचाते रहते हैं। उनका किसी अपराधी से कोई संबंध नहीं है। कानून अपना काम कर रहा है। योगी सरकार जीरो टालरेंस पर काम कर रही है। जो भी दोषी होगा, बख्शा नहीं जाएगा।

 

हॉस्पिटल पहुंचा था आरोपी
बताया गया है कि आरोपी राघवेंद्र छात्रा के सुसाइड की जानकारी मिलने पर अस्पताल भी पहुंचा था। वह हॉस्पिटल में मौजूद रहा था। जब डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया, उसके बाद ही वह हॉस्पिटल से भागा था। हॉस्पिटल में उसका फोटो भी सामने आया है। इस मामले में छात्रा की मां ने आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.