माँ के इश्क में रोड़ा बन रहे बेटे की करवाई हत्या 

 

 

अररिया में 26 साल का बेटा 45 साल की मां के अवैध संबंध में रोड़ा बना तो मां ने उसकी हत्या करवा दी। महिला के बॉयफ्रेंड की उम्र भी 26 साल है। आरोपी महिला की बहू ने राज से पर्दा उठाया। बहू रूपा देवी ने बताया कि 19 मार्च की रात 9:30 बजे उसकी सास रेणु देवी ने फोन कर 5 लोगों को बुलाया। सभी ऑल्टो कार से घर पहुंचे। चाय-नाश्ता और शराब पीने के बाद सास ने मेरे पति को जबरदस्ती उनके साथ कार में बैठाकर कहीं भेज दिया।

रूपा देवी ने बताया कि जब मैंने पति को ले जाने का विरोध किया तो मुझे एक कमरे में बंद कर दिया। सास ने लगभग एक घंटे के बाद कमरे का दरवाजा खोला। जब वह अपने पति को खोजने लगी तो उसे धमकी देते हुए कहा कि यह बात किसी से नहीं बताना, वरना अच्छा नहीं होगा। महिला का जिस लड़के से अवैध संबंध था, वो रिश्ते में उसका भतीजा लगता है।

मामला फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मटियारी वार्ड संख्या 7 का है। पुलिस ने 26 साल के सुमन कुमार यादव का शव गुरुवार को अररिया नगर थाना क्षेत्र के मछली पट्टी के पास एबीसी नहर से बरामद किया। इसके बाद फारबिसगंज थाना पुलिस ने आरोपी मां रेणु देवी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

मृतक सुमन कुमार यादव की पत्नी रूपा देवी ने फारबिसगंज थाने में अपनी सास रेणु देवी सहित 5 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। फारबिसगंज थाने की पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।

6 महीने पहले रेणु के पति की भी संदिग्ध मौत हुई थी

घटना को लेकर सुमन के चाचा जय कुमार यादव ने बताया कि भाभी रेणु देवी का सालों से अवैध संबंध चला आ रहा था। 6 महीने पहले उनके भाई रिटायर फौजी स्वर्गीय परमेश्वरी यादव की भी संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। अब उनके भतीजा की भी भाभी ने अपहरण कर हत्या करवा दी। मृतक के चाचा का कहना है कि शराब पिलाकर सुमन को नहर में फेंक दिया। डूबने से उसकी मौत हो गई।

इधर, इस मामले को लेकर फारबिसगंज थानाध्यक्ष आफताब अहमद ने बताया कि आरोपित महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मृतक की पत्नी के आवेदन पर पहले अपहरण का केस दर्ज किया था। शव बरामद होने के बाद केस हत्या में तब्दील किया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.