पति को छोड़कर प्रेमी से कोर्ट मैरिज करने वाली महिला को मिली मौत

 

मधुबनी में पति को छोड़कर प्रेमी से कोर्ट मैरिज करने वाली महिला को मौत मिली। प्रेमी ने महिला और उसकी बेटी का सिर काटकर नदी के किनारे फेंक दिया। घटना के बाद से वह फरार है।

घटना जिले के फुलपरास की है। पुलिस को चार दिन पहले दो सिर कटी लाश मिली थी। अब इसकी पहचान रतौली गांव निवासी माला देवी (25) और आरूषी कुमारी (8) के रूप में हुई। महिला के भाई ने कपड़े से शव की पहचान की। उसने बताया कि माला देवी ने कुछ दिनों पहले कोर्ट में गांव के ही युवक से शादी की थी।

दरअसल, बुधवार की सुबह फुलपरास थाना क्षेत्र के सुदैई गांव में दो सिर कटी लाश मिली थी। सुपेन नदी के पास आम के बगीचे में स्थानीय लोगों ने महिला और एक नाबालिग बच्ची का शव देख पुलिस को बुलाया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान के लिए पूछताछ की। कुछ जानकारी नहीं मिलने पर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

रविवार की सुबह इस मृतका के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों की पहचान की। रतौली गांव निवासी मनीष कुमार ने बताया कि मृतका उसकी बहन और भांजी है। उसने बताया कि उसकी बहन की शादी 2014 में जरौली गांव के रोहित कामत के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद जानकारी मिली थी लड़का दिमाग से विक्षिप्त है। इसके बाद मेरी बहन उसे छोड़कर मायके वापस आ गई। हम लोगों के साथ रहने लगी।

मनीष ने बताया कि दो महीने पहले मां की तबीयत खराब हो गई। इसलिए हम लोग इलाज के लिए दिल्ली लेकर गए। बहन भी साथ गई थी। दिल्ली में कुछ दिन रहने के बाद वह बिना किसी को बताए घर से बच्ची को लेकर कहीं चली गई। हम लोगों ने काफी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई।

करीब एक महीने पहले माला ने खुद ही फोन कर मां से बात की। पूछने पर उसने बताया कि गांव के ही लड़के प्रदीप शाह के साथ उसने कोर्ट मैरिज कर ली। अभी वह अपने गांव रतौली में है।

इसी बीच गुरुवार 23 मार्च को सिर कटी लाश मिलने की सूचना मिली। इसके बाद 24 मार्च को वे लोग दिल्ली से निकले। रविवार को सदर अस्पताल पहुंचने पर दोनों की पहचान हुई। इधर, फुलपरास थानाध्यक्ष ललन चौधरी ने बताया कि शव की पहचान हो चुकी है। परिवार ने आवेदन दिया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी फिलहाल फरार है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.