प्रेमी-प्रेमिका ने किया सुसाइड घर वाले दोनों के मिलने से करते थे ऐतराज

 

सोनभद्र में प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव बबूल के पेड़ पर लटकता मिला है। सुबह जब ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों की शिनाख्त हो चुकी है।

ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों के घरवाले इस संबंध से नाखुश थे। नाबालिग होने की वजह से एक दूसरे से मिलने पर पाबंदी लगाते थे। इन्हीं वजहों से तंग आकर दोनों ने जान दे दी। पुलिस ने बताया कि लड़की के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। लड़के के सिर पर भी गहरे घाव हैं। इसके पहले दोनों की पिटाई की आशंका है। फिलहाल मौके पर फॉरेंसिक विभाग की टीम और पुलिस की टीम पहुंची है। साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा रहा है। पुलिस आस पास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

सीओ सिटी राहुल पांडे ने बताया, आज सुबह बच्चों के आत्महत्या की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर गए तो देखा कि दोनों ने एक ही डोरी से फांसी लगाई है। शव एक दूसरे के बिल्कुल पास में थे। दोनों का मुंह एक दूसरे की तरफ ही था। पूछताछ में पता चला कि दोनों प्रेमी युगल थे। एक दूसरे से प्यार करते थे। घरवाले इस बात से नाराज थे तो दोनों ने जान दे दी। ये पूरा मामला चोपन थाना क्षेत्र के सलखन के शिवाला टोला का है।

 

दोनों का प्राथमिक स्कूल के पीछे मिला शव
मुख्य हाईवे से चार किमी. दूर चोपन थाना क्षेत्र का सलखन गांव पड़ता है। गांव से आधा किमी. दूर पर एक प्राथमिक स्कूल है। इसी स्कूल के पीछे खेत में लगे बबूल के पेड़ से 17 वर्षीय किशन पुत्र संतोष और 16 वर्षीय संगम का शव मिला है।

ग्रामीण ने बताया, “आज सुबह जब खेतों पर किसी काम से गए तो वहां पर शव लटकता देखा। तुरंत ही अन्य गांव वालों को बताया। पुलिस को भी सूचित किया गया। संगम और किशन की उम्र छोटी थी, लेकिन दोनों लंबे समय से एक दूसरे से प्रेम करते थे। कुछ दिनों पहले ही इनके घरवालों को प्रेम प्रसंग का पता चला तो विरोध करने लगे।

दोनों का घर अगल-बगल में ही है। घरवाले एक दूसरे से मिलने के लिए मना करने लगे, लेकिन वे नहीं मानते थे। चोरी छिपे ये लोग मिलते जुलते थे। इन्हीं बातों को लेकर घर में विवाद भी होता था। इसी से परेशान होकर दोनों ने जान दे दी।”

सीओ सिटी ने बताया कि दोनों के परिजनों को सूचित किया गया है। परिजन मौके पर पहुंचे हैं, लेकिन कुछ कह नहीं रहे हैं। दोनों के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इससे पता चलता है कि पिटाई भी हुई है। फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.