सोनीपत में नमाज पढ़ रहे मुस्लिमों पर हमला बोल दिया मस्जिद में घुसकर नमाजियों को पीटा,बच्चों-महिलाओं को भी नहीं बख्शा

 

हरियाणा में सोनीपत के गांव सांदल कलां में रात को नमाज पढ़ने के दौरान हिंसा हो गई। डंडे, तलवार व चाकू लेकर पहुंचे करीब 25 युवकों ने मस्जिद में नमाज पढ़ रहे मुस्लिमों पर हमला बोल दिया। मस्जिद में घुसकर उनकी जमकर पिटाई की। जिसमें करीब 10 नमाजी घायल हुए हैं। उन्हें सोनीपत और खानपुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस कमिश्नर सतीश बालन सुबह गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। 10 के नाम समेत कई आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुछ आरोपी हिरासत में भी लिए हैं। मुस्लिमों का आरोप है कि उन्हें नमाज पढ़ने से रोकने के लिए मारपीट की गई। वहीं पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

घायलों का आरोप है कि हमलावरों ने बच्चों और महिलाओं को भी नहीं बख्शा। उनके साथ भी मारपीट की गई। हमलावर उनके नमाज पढ़ने से गुस्से में थे। इस झड़प के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसका पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों से शांति की अपील कर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सलीम खान ने बताया कि हम नमाज पढ़ रहे थे। तभी 20-25 लड़के आए। जिनमें एक को बिट्‌टा कह रहे थे। हमारा उनसे कोई झगड़ा नहीं है। उनकी खुन्नस थी कि हम नमाज क्यों पढ़ रहे हैं।

मुहम्मद सलीम ने कहा कि रात 9 बजे नमाज पढ़ रहे थे। तभी हमला हुआ। हमें नहीं पता कि क्यों मारपीट की। उन्होंने हमें डंडे मारे। उन्होंने चाकू और हॉकी भी ला रखे थे। बुजुर्गों और बच्चों को ज्यादा चोटें लगी हैं।

तोशीना ने बताया कि वह हमें गाली दे रहे थे। नमाज पढ़ने से रोक रहे थे। रजिया ने बताया कि गांव में एक कमरे जितनी मस्जिद है। जहां पुरुष नमाज पढ़ रहे थे। इसी दौरान हमला किया गया। इस घटना में करीब 10-15 लोगों को चोटें आई हैं।

गांव सांदल कलां में मस्जिद में नमाज अदा करने मामले में पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन सोमवार सुबह गांव में पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित असुरक्षित महसूस करेंगे, गांव में पुलिस तैनात रहेगी।

सतीश बालन ने कहा कि गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने रात को मस्जिद में घुसकर नमाज पढ़ने वाले लोगों पर हमला किया है। आपस मे कोई मन मुटाव या तनाव भी नहीं था। पुलिस ने 16 युवकों को राउंडअप किया है, पूछताछ की जा रही है। बिना किसी बात को लेकर कहीं भी धर्म स्थल पर घुसकर इस प्रकार की घटना होगी तो सख्त कार्रवाई होगी।

पुलिस के मुताबिक 7 से 8 लोगों को इंजरी हुई है। कुछ का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सभी खतरे से बाहर हैं। 10 को नामजद करके बाकी अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। 5-6 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सतीश बालन ने कहा कि गांव के लोगों से बातचीत हुई है। गांव में आज तक इस प्रकार की कोई भी घटना नहीं हुई थी। ग्रामीण बच्चों की गलती मान रहे हैं। गांव में मस्जिद और लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी गांव के लोगों ने ली है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.