पत्नी काे जहर खिलाने और प्रताड़ित करने के आराेप में बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर राजेश कुमार को किया गिरफ्तार

 

पत्रकारनगर थाने की पुलिस ने पत्नी काे प्रताड़ित करने के आराेप में बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर राजेश कुमार को गिरफ्तार किया है। राजेश की पत्नी ने बताया कि उसे पति, सास-ससुर ने जहर खिलाया है। घटना 6 अप्रैल की है। उसी हाल में वो थाना पहुंची। पुलिस कुछ पूछती या वह कुछ बताती, इससे पहले ही सरिस्ता के सामने की बेहोश होकर गिर गई। उसके मुंह से झाग निकलने लगा। पुलिस के हाथ-पांव फूल गए।

पुलिस ने फाैरन उसे पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला ने होश आने के बाद कहा कि वह अपने पति से प्रताड़ित है। शादी के कुछ महीने बाद से ही पति उसे परेशान कर रहा है। दहेज में मोटी रकम की डिमांड कर रहा है। हर दिन उसके साथ मारपीट की जाती है। उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। उसने पुलिस काे बताया कि उसका पति पहले से तीन शादियां कर चुका है। पीड़िता ने कहा-उसे आत्महत्या के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं दिखा। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने मलाही पकड़ी स्थित घर से बैंक मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे जेल भेज दिया गया।

इधर, पीड़िता अभी अस्पताल में ही है। उसकी सेहत में सुधार हाे रहा है। पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। घटना की जानकारी होने के बाद पीड़िता के घर वाले अस्पताल पहुंच गए। पीड़िता के पिता ने पुलिस से कहा-मैं पैसे देने के लिए तैयार हूं। अपना घर बेचकर भी दामाद को पैसे दे दूंगा, लेकिन मेरी बेटी का घर बस जाए। उन्हाेंने पुलिस से कहा-सर, मेरी बेटी को बचा लीजिए।

बैंक मैनेजर की मुंबई की रहने वाली पूर्व पत्नी फोन पर पुलिस से कहा-शादी के बाद भी मुझे प्रताड़ित करता था। इसके बाद छोड़कर चला गया। मैंने यहीं केस दर्ज कराया है। उसने एफआईआर की कॉपी भेजी है।

रामकृष्णानगर की रहने वाली उसकी एक पूर्व पत्नी थाने पहुंची। कहा-राजेश शादी के बाद से ही उसे परेशान करता था। उसने हाथ पर जले का निशान भी दिखाया। कहा-करीब डेढ़ साल बाद परेशान होकर उसने राजेश को छोड़ दिया।

बैंक मैनेजर की तीसरी पत्नी ने भी पुलिस से संपर्क किया है। उसने भी अपनी पीड़ा फाेन पर बयां की। राजेश से मिली प्रताड़ना की जानकारी दी। वह सोमवार को पत्रकारनगर थाने पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.