दहेज़ में बाइक न मिलने पर ससुराल वालो ने बहु को गला घोट कर पहुँचाया मौत के घाट

 

नालंदा में ससुरालवालों को दहेज में बाइक नहीं मिली, तो बहू को गला दबाकर हत्या कर दी। शव को खलिहान के पास गड्‌ढे में फेंक दिया। महिला के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। चार लोगों पर नामजद (एफआईआर )दर्ज की गई है। हत्या के बाद ससुरालवाले घर छोड़कर भाग गए हैं।

मामला हिलसा थाना क्षेत्र के बढंनपुर गांव का है। महिला संतोष यादव की पत्नी काजल कुमारी (22) है। शव को देर शाम हिलसा पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है।

महिला के मायके वाले जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र के मुनिचक गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने ससुराल के लोगों पर दहेज नहीं देने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। बता दें कि साल 2022 के मई महीने में जहानाबाद के मुनिचक गांव निवासी काजल कुमारी की शादी हिलसा थाना क्षेत्र के यारपुर गांव निवासी संतोष यादव से हुई थी।

मायके वालों ने बताया कि शादी के समय दहेज के रूप में नगद और ज्वेलरी दिए थे। इसके बावजूद बाइक की मांग की जा रही थी। बाइक नहीं दी तो हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि घर में हत्या करने के बाद शव को गांव के बाहर फेंक दिया। इसके बाद से वे लोग फरार हैं। परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह 8 बजे काजल कुमारी से अंतिम बातचीत हुई। इस दौरान वह कह रही थी कि उसके साथ मारपीट की गई है।

मायके वालों ने बताया कि घटना की जानकारी गांव के लोगों से मिली है। सूचना मिलने के बाद बेटी के ससुराल पहुंचे, जहां शव को गड्ढे से बरामद किया गया। घटना की सूचना पुलिस को दी।

हिलसा थाना अध्यक्ष गुलाम सरवर ने बताया कि पति समेत 4 लोगों के खिलाफ (एफआईआर ) दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। उन्होंने कहा कि महिला के पति और अन्य लोग फरार हैं। उसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.