पुल से नदी में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली,11 की मौत, ओवरटेक करते समय हुआ हादसा

 

 

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के तिलहर निगोही रोड पर शनिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे गिर गई। SP ने हादसे में 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है। ट्रॉली में 39 लोग सवार थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली रटा पुल से रेलिंग तोड़ती हुई नदी में गिरी। मौके पर स्थानीय लोगों के साथ पुलिस पहुंच गई है। ग्राम सनौरा के लोग गांव में भागवत कथा के लिए जल लेने जा रहे थे।

SP एस आनंद के मुताबिक हादसे में 27 लोग घायल हुए हैं। मौके पर SDRF और NDRF की टीम पहुंची और घायलों को नजदीकी सीएचसी भेजा गया। जिला अस्पताल को भी अलर्ट किया गया है। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और डीसीएम से लोग अजमतपुर गांव में हो रही भगवत कथा के लिए जल लेने जा रहे थे। इसी दौरान दोनों ट्रॉलियां एक दूसरे को ओवरटेक करने लगीं। जिसके बाद एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल की रेलिंग तोड़कर करीब 40 फीट नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ट्रॉली के नीचे दब गए थे लोग
आस-पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ट्रॉली को सीधा किया। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया।

प्रत्यक्षदर्शी बोला- मैं आगे था, पीछे मुड़कर देखा तो नीचे गिरी थी ट्रॉली
ट्रैक्टर-ट्रॉली से आगे चल रहे बाइक सवार रामवीर ने बताया, “मैं उसी ट्रैक्टर के आगे चल रहा था। पीछे धमाके की आवाज सुनाई दी, देखा तो ट्रॉली ट्रैक्टर समेत नीचे गिरी थी। ट्रॉली में सवार कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में मेरी पत्नी को चोट आई है।”

भागवत कथा से पहले निकलनी थी कलश यात्रा
अस्पताल में मौजूद गांव के लोगों ने बताया कि आज ही भागवत कथा शुरू होने वाली थी। उससे पहले नदी से जल लाकर कलश यात्रा निकाली जाती है। इसलिए गांव के लोग गर्रा नदी में जल लेने गए थे। लेकिन उससे पहले ही हादसा हो गया। अब कथा के पंडाल समेत पूरे इलाके में सन्नाटा है।

ट्रैक्टर चालक पर FIR

SP देहात संजीव कुमार वाजपेई ने बताया कि रात में ही शवों के पोस्टमॉर्टम कराए जा रहा है। ट्रैक्टर चालक सौरभ पुत्र मिथलेश निवासी सुनोरा अजमतपुर के खिलाफ लापरवाही, तेज रफ्तार से ट्रैक्टर चलाने के तहत FIR दर्ज की गई है। ट्रैक्टर मालिक नेतराम को हिरासत में लिया गया है।

PM मोदी, CM योगी ने जताया दुख, सहायता घोषित की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता घोषित की है। CM ​ योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। इसी के साथ घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है। मृतकों के परिजन को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है।

हादसे में इनकी हुई मौत

1. पुष्पा (50) पत्नी प्रेम सिंह

2. साजन तिवारी(16) पुत्र सर्वेश

3. कल्लू (54) पुत्र रामचंद्र

4. गोलू (10) पुत्र अशोक

5. अंशिका (18) पुत्री जितेंद्र सिंह

6. काजल (15) पुत्री सर्वेश सिंह

7. रालू (10) पुत्री विपिन सिंह

8. रूपवती (60) पत्नी आशाराम

9. शिवानी (20) पुत्री मुरारी

10. अभिनव (18) पुत्र मुरारी

11. लक्ष्य (7) पुत्र प्रेम सिंह

Leave A Reply

Your email address will not be published.