आगरा में 6वीं मंजिल से जाल काटकर लड़की ने लगाई छलांग

 

आगरा में बुधवार रात 17 साल की लड़की ने 6वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। जिस बिल्डिंग से उसने छलांग लगाई। उसमें वह बतौर मेड काम करती थी। सुसाइड से पहले बिल्डिंग में लगे CCTV में वह ईंट से मोबाइल तोड़ते हुए नजर आई है। उसने बिल्डिंग में लगे कपड़े के जाल को काटा और फिर छलांग लगाई। यह पूरी घटना न्यू आगरा थाना के रंगजी अपार्टमेंट का है।

लड़की के गिरने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की शिनाख्त सलोनी के तौर पर हुई है।

बच्चों की केयर टेकर थी सलोनी
न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला बूढ़ी के रहने वाले गोविंग जूता कारीगर हैं। उनकी बेटी सलोनी (17) कैलाश विहार स्थित रंगजी हाइट्स में रहने वाली सिमी आनंद के घर पर काम करती थी। 62 वर्षीय सिमी आनंद की बेटी और दामाद पंजाब में जॉब करते हैं। बेटी के दो साल और 10 साल के बेटे नानी के पास रहते हैं। सलोनी दोनों बच्चों की केयर टेकर थी।

वहीं, सिमी आनंद ने अपनी देखभाल के लिए कविता नाम की घरेलू सहायिका (मेड) को रखा हुआ है। बुधवार शाम करीब 7 बजे सलोनी ने अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर गार्ड और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। अपार्टमेंट के लोग अपने फ्लैटों से बाहर आए, लेकिन तब तक सलोनी की मौत हो चुकी थी।

जाल काटकर लगाई छलांग
एसआई हरीश शर्मा ने छानबीन के बाद बताया कि बालकनी में मोटे धागे वाला जाल लगा था। ताकि कोई बच्चा रेलिंग पर चढ़ने के बाद नीचे न गिर जाए। सलोनी ने इस जाल को काटकर नीचे छलांग लगाई थी।

पुलिस ने फ्लैट में काम करने वाली सहायिका कविता से पूछताछ की। उसने पुलिस को बताया कि सलोनी पहले नीचे गई थी। वह काफी गुस्से में थी। उसने ईंट से पहले अपना मोबाइल तोड़ा। यह घटना CCTV में कैद है। उसके बाद वह ऊपर आई। कुछ देर बाद बालकनी से नीचे छलांग लगा दी।

कविता ने पुलिस को बताया कि सलोनी का कोई दोस्त था, जिसे लेकर उसके घर पर विवाद हुआ था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है।

घर वालों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
वहीं, सलोनी के परिजनों ने जिन सिमी आनंद के यहां वह काम करती थी, उन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। सूचना पर किशोरी के परिजन पहुंच गए थे। माता-पिता वैष्णो देवी की यात्रा पर हैं। पुलिस का कहना है कि परिजन जो भी तहरीर देंगे, उसके आधार पर जांच की जाएगी। मृतका मोबाइल कब्जे में ले लिया है। उसकी जांच की जा रही है। पता किया जा रहा है कि आखिरी बार उसने किससे बात की थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.