प्रेम सिंह हत्याकांड के आरोपी तीन सगे भाई गिरफ्तार – मवेशी बांधने को लेकर हुआ था विवाद

फतेहपुर। दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्या करने वाले तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त अवैध असलहा भी बरामद किया। जबकि अभी भी दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सिरसी मजरे भलेवा गांव निवासी प्रेम सिंह लोधी (46) का लगभग नौ सालों से पड़ोसी धनंजय लोधी, कल्लू उर्फ विद्यासागर, रणधीर, अनिल व संजय सहित पांचों भाइयों का जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार की दोपहर मवेशी बांधने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इस बीच एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना में प्रेम सिंह की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बीच बचाओ कर रहे मृतक के भाई चंद्र किशोर और राम बहादुर भी घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया था। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मामले में परिजनों ने उक्त पांचों आरोपियों के खिलाफ स्थानीय थाने में हत्या किए जाने की तहरीर दी थी।
इनसेट-
दो आरोपियों की तलाश में दी जा रहीं दबिशें
सीओ सिटी वीर सिंह ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या की गई है, परिजनों की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में धनंजय लोधी, कल्लू उर्फ विद्यासागर व रणवीर सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं अन्य दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.