8 महीने से सैलरी नहीं मिलने पर 32 साल की महिला डॉक्टर ने की खुदकुशी, 10 दिन पहले तय हुई थी शादी

 

जमुई में 32 साल की महिला डॉक्टर ने खुदकुशी कर ली। डॉक्टर रानी इंद्रा भारती का शव उनके घर में ही फंदे से लटका मिला। 10 दिन पहले ही समस्तीपुर के एक डॉक्टर से उसकी शादी तय हुई थी। रानी इंद्रा भारती बांका जिले के खेसर में तैनात थी। छोटे भाई का कहना है कि उसे 8 महीने से सैलरी नहीं मिली थी, जिसकी वजह से वो परेशान चल रही थी।

मामला सोमवार की देर शाम टाउन थाना क्षेत्र के सिरचन नवादा मोहल्ले का है। डॉक्टर के पिता का नाम प्रमोद पंडित है। छोटे भाई राजन ने बताया कि अगस्त 2022 से रानी को सैलरी नहीं मिल रही थी, जिसके कारण इसने यह कदम उठाया है।

डॉक्टर रानी बांका जिले के खेसर में तैनात थी। फिलहाल छुट्टी में वह अपने घर जमुई आई हुई थी। कोरोना काल के दौरान रानी ने जमुई सदर अस्पताल में भी ड्यूटी की थी।

घर में ही फंदे से लटकी मिली लाश

डॉक्टर की लाश उनके घर में फंदे से लटकी मिली है। जिस वक्त उसने आत्महत्या की घर में वो अकेली थी। छोटा भाई जब घर पहुंचा तो उसने बहन को फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। टाउन थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बेटी की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। टाउन थाना अध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी भी सदर अस्पताल पहुंचे, जहां मृतक के परिजन से पूरी जानकारी ली।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि महिला डॉक्टर की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हुई है। फिलहाल मृतक के परिजन के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.