कानपुर में धमाका, फ्रिज का कंप्रेसर फटने से घर की उड़ी छत, 7 घायल

 

 

कानपुर के एक घर में सोमवार रात 2.30 बजे तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि मकान की छत उड़ गई। दीवार ढह गई। इसमें 7 लोग घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची नवाबगंज पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। आशंका जताई गई कि सिलेंडर या फ्रिज का कंप्रेसर फटा है। हालांकि, फोरेंसिक टीम को जांच में ये सुरक्षित मिले हैं।

बम डिस्पोजल स्क्वायड के प्रभारी एके त्रिपाठी ने बताया कि कमरे का पूरा परीक्षण किया गया। कहीं भी विस्फोटक मिलने के साक्ष्य नहीं मिले हैं। ऐसे में आशंका है कि गैस सिलेंडर में रिसाव और आग लगने के कारण ये विस्फोट हुआ है।

घटना आजादनगर इलाके के पहलवानपुरवा की है। जिस घर में धमाका हुआ वह वंशराज का है। मकान की पहली मंजिल पर विष्णु और सुनील सागर किराए पर रहते हैं। ACP कर्नलगंज अकमल खान ने बताया कि मकान में पहली मंजिल के जिस हिस्से में विष्णु रहता है। उसी हिस्से में विस्फोट हुआ है।

पुलिस को विष्णु के कमरे में रखी एक लोहे की अलमारी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त मिली है। फोरेंसिक टीम ने यहां से सैंपल भी लिए हैं।

‘दीवार ढहने से पता चला कि हमारे घर में विस्फोट हुआ’
मकान मालिक वशंराज ने बताया, “जिस वक्त विस्फोट हुआ, उस वक्त हम सभी सो रहे थे। अचानक तेज आवाज सुनी तो कुछ समझ नहीं आया। धमाके से मकान की एक तरफ की दीवार ढह गई। तब पता चला कि ये विस्फोट हमारे घर में हुआ है। विस्फोट के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद मोहल्ले के लोग जुट आए। उन्होंने मदद की।”

आस-पास के मकानों के शीशे टूटे
नवाबगंज थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि मकान की दीवारें और छत उड़ गई। टीवी, फ्रिज, आलमारी समेत अन्य सामान के चिथड़े उड़ गए। आसपास के मकानों के शीशे टूट गए। घर की पहली मंजिल में विष्णु और सुनील के परिवार में 7 सदस्य थे, विस्फोट में सभी घायल हैं। उनको उर्सला और हैलट अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस ने आसपास के घर खाली कराए, मकान की जांच
मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड और पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास के घर खाली करा दिए। इसके बाद जिस घर में विस्फोट हुआ था। वहां सर्चिंग की गई। जब पुलिस को इत्मीनान हो गया कि घर में कुछ और विस्फोटक नहीं है। उसके बाद लोगों को घरों में जाने दिया। सुरक्षा को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

ये लोग हुए गंभीर घायल…

घायल उम्र हालत
अनीता सागर 55 वर्ष जले हुए हैं, उर्सला में भर्ती
सुनील सागर 60 वर्ष जले हुए हैं, उर्सला में भर्ती
विष्णु 28 वर्ष हैलेट में भर्ती, स्थिति सामान्य
सोनी पत्नी विष्णु 22 वर्ष गर्भवती हैं, हैलेट में भर्ती, स्थिति सामान्य
आदर्श 12 वर्ष हैलेट में भर्ती, स्थिति सामान्य
राम किशोर 35 वर्ष हैलेट में भर्ती, स्थिति सामान्य
ननकी पत्नी राम किशोर 33 वर्ष हैलेट में भर्ती, स्थिति गंभीर
Leave A Reply

Your email address will not be published.