कोर्ट में पेशी पर आए दो हत्यारोपियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दोनों घायल, आरोपी को भीड़ ने दबोचा

यूपी के जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर में एक साल पहले हुए बादल हत्याकांड के दो आरोपियों पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस दौरान दो गोली तो मिस हो गई, लेकिन एक-एक गोली बंदियों को लग गई। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वारदात को तब अंजाम दिया गया जब पुलिस अभीरक्षा में दोनों को पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। जब कोर्ट परिसर में गोली चली तो वहां भगदड़ मच गई।

धर्मापुर बाजार में एक दुकान पर अंडा खाने के दौरान 6 मई 2022 को बादल यादव और अंकित यादव को चाकू मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया गया था। जिला अस्पताल ले जाने पर बादल यादव को मृत घोषित कर दिया गया।

उस हत्याकांड में नामजद सत्य प्रकाश उर्फ सूर्य प्रकाश उर्फ गोलू राय और मिथिलेश गिरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दोनों जिला कारागार में निरूद्ध हैं। उस मामले में दोनों की पेशी थी। उधर से बादल के भाई व अन्य गवाहों को भी गवाही के लिए बुलाया गया था।

दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सत्य प्रकाश और मिथिलेश को पुलिस लेकर न्यायालय जा रही थी। कोर्ट परिसर में पहुंचने पर ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली बरसानी शुरू कर दी। एक गोली मिथिलेश के पीठ में और दूसरी सत्य प्रकाश के हाथ में लगी। गोली चलने की आवाज़ से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

भीड़ ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। एएसपी सिटी बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि एक आरोपी को पकड़ लिया गया है। गोली लगने से घायल बंदियों का इलाज चल रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.