केंद्रीय विद्यालय मधुपुरी का साध्वी ने किया शिलान्यास – 24 करोड़ 60 लाख रूपये की लागत से होगा निर्माण

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंदौली रोड पर केंद्रीय विद्यालय मधुपुरी का शिलान्यास शुक्रवार को जिले की सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने भूमि पूजन कर विधि-विधानपूर्वक किया। यह विद्यालय 24 करोड़ 60 लाख रूपये की लागत से होगा। केंद्रीय राज्यमंत्री ने जल्द से जल्द विद्यालय का निर्माण कार्य शुरू कराकर पूरा कराये जाने की हिदायत दी।
केंद्रीय विद्यालय मधुपुरी का शिलान्यास समारोह शुक्रवार को आयोजित हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिले की सांसद एवं उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार की राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने शिरकत की। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा के अलावा जिलाधिकारी श्रुति ने भी हिस्सा लिया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने भूमि पूजन कर विधि-विधान से शिलान्यास किया। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से जिले के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। जल्द ही इस विद्यालय का निर्माण कार्य पूरा कराया जायेगा। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द विद्यालय का निर्माण कार्य पूरा करायें। निर्माण कार्य की रिपोर्ट उन्हें समय-समय पर भेजी जाये। इस मौके पर केंद्रीय विद्यालय सहायक संभाग लखनऊ के उपायुक्त डीके द्विवेदी, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेयी, ब्लाक प्रमुख हसवा विकास पासवान, राजू साहू, कोटेश्वर शुक्ला, अशोक मौर्या, मधुराज विश्वकर्मा, प्रवीण प्रसून, नेहा सिंह, सभासद सुनील गुप्ता, उदय लोधी, ज्ञानेंद्र सचान ज्ञानू, सुशील सिंह चंदेल, श्यामू मौर्या, शिव प्रताप सिंह चौहान, योंगेंद्र के अलावा मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, नायब तहसीलदार भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.