कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव की मनाई पुण्यतिथि – योगदानों का बखान कर कांग्रेस को बताया बलिदान देने वाली पार्टी

फतेहपुर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि कांग्रेस कार्यालय में मनायी गयी। कांग्रेसियों ने सर्वप्रथम उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किये तत्पश्चात उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा देश हित में किये गये अहम योगदानों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आजादी के पहले व आजादी के बाद बलिदान देने वालों की पार्टी है।
जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में रविवार को अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय की अध्यक्षता में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि मनाई गयी। कांग्रेसियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें याद किया तत्पश्चात जिलाध्यक्ष ने भारत रत्न राजीव गांधी के देश के प्रति योगदान को अतुलनीय बताते हुए उनके देश के प्रति समर्पित पांच उल्लेखनीय योजनाओं का बखान किया। जिसमें दूर संचार, कम्प्यूटर, पंचायती राज कानून, शिक्षा नीति व मतदान के लिए 18 वर्ष की आयु को देश के लिए युग परिवर्तन की योजनाओं की संज्ञा दी। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आजादी के पहले व आजादी के बाद बलिदान देने वाली पार्टी है। इस मौके पर शिवाकांत तिवारी, राजीव लोचन निषाद, सुधाकर अवस्थी, पप्पू, प्रेमनारायण विश्वकर्मा, वीरेंद्र सिंह चौहान, वीरेंद्र गुप्ता, उदित अवस्थी, अशोक दुबे, आशुतोष पाण्डेय भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.