वर्षा के पहले पक्के पुलों पर फर्राटा भरेंगे वाहन दावों के सापेक्ष यातायात शुरू होने से कई जनपद के लोगों को मिलेगी राहत कारोबारी गतिविधियों में सुधार के साथ ही शिक्षा व स्वास्थ्य को मिलेगा बढ़ावा

खागा/फतेहपुर। गंगा नदी पर नौबस्ता व रायबरेली जनपद के तीर का पुरवा घाट के मध्य तथा यमुना नदी पर किशुनपुर व बांदा जनपद के दांदो घाट के मध्य बन रहे पक्के पुलों का काम दावों के सापेक्ष पूरा हुआ तो इस बार वर्षा के दिनों में वाहन सवारों को फजीहत नहीं उठानी होगी। नाव से नदी पार करने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। विभागीय अधिकारी दावा कर रहे हैं कि आगामी जून महीने तक शेष कार्य समाप्त कर लिया जाएगा। हालांकि जिस रफ्तार से काम चल रहा है, उसमें लोगों को संशय समझ आ रहा है। गंगा नदी पर 1064.83 मीटर लंबाई वाले पक्के पुल का निर्माण पूर्ण हो चुका है। पुल को जोड़ने के लिए पहुंच मार्ग तैयार किया जा रहा है। पक्के पुल से नौबस्ता गंगा घाट की ओर एक किमी लंबाई में पहुंच मार्ग बनना है। अभी इसे बनाने का काम नहीं शुरू हो सका है। रायबरेली जनपद की ओर पहुंच मार्ग पहले ही तैयार हो चुका है। सेतु निगम के अधिकारियों का दावा है कि पहुंच मार्ग का निर्माण एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा। पक्का पुल बनने के बाद खागा क्षेत्र के वाहन सवार बेहद आसानी से रायबरेली, प्रतापगढ़, उन्नाव तथा प्रदेश की राजधानी का सफर आसानी से पूरा कर सकेंगे। किशुनपुर कस्बा और बांदा जनपद के दांदो घाट के मध्य यमुना नदी पर बन रहे पक्का पुल का काम भी कच्छप गति से चल रहा है। किशुनपुर कस्बा की ओर एक किमी लंबाई वाले पहुंच मार्ग का काम बीते तीन महीने से चल रहा है। मिट्टी भराई की रफ्तार बेहद सुस्त होने की वजह से वर्षा से पहले वाहनों की आवाजाही के अनुकूल सड़क तैयार होने में संशय बना है। पक्का पुल और पहुंच मार्ग के मध्य तुर्की नाले के ऊपर बनवाए गए पुल की ऊंचाई अधिक होने से मिट्टी भराई में संस्था कर्मियों को दिक्कत हो रही है। अभी 10 फिट गहराई में मिट्टी की पुराई होना बांकी है।
इनसेट-
वर्षा से पूर्व तैयार होगा पहुंच मार्ग
-किशुनपुर-दांदो पुल पर पहुंच मार्ग निर्माण के लिए मिट्टी पुराई जारी है। अधिकारियों का पूरा प्रयास है कि वर्षा प्रारंभ होने से पहले पहुंच मार्ग तैयार किया जाए। तेजी के साथ काम हो रहा है। वर्षा के दिनों में लोगों को पुल से वाहन लेकर निकलने की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। -छोटू यादव, संस्था ठेकेदार।

Leave A Reply

Your email address will not be published.