मुजफ्फरपुर में 10वीं की छात्रा का तालाब में मिला शव, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम, भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने किया लाठीचार्ज

 

बिहार के मुजफ्फरपुर में 24 घंटे से लापता 10वीं की छात्रा का शव मंगलवार को तालाब में मिला है। उसके गले और चेहरे पर चोट के निशान हैं। परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और आगजनी की। पुलिस की दो बाइकों को भी आग के हवाले कर दिया। भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

परिवार का आरोप है कि उसी की क्लास में पढ़ने वाले लड़के ने बेटी की हत्या की है। वह बेटी को बार-बार फोन करके परेशान करता था।

जिले के ब्रह्मपुरा निवासी किराना व्यापारी विनोद सिंह की 14 साल की बेटी सलोनी कुमारी सोमवार को घर से निकली थी। शाम तक उसका कोई पता नहीं चला।

इसके बाद से परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार को उसका शव ब्रह्मपुरा थाने के सामने मंदिर के पीछे तालाब में मिला।

 

स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। ब्रह्मपुरा थानेदार नवीन कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। बच्ची का परिवार भी मौके पर पहुंचा और शव को देखकर पहचान की। घटना से आक्रोशित होकर लोगों ने ब्रह्मपुरा चौक के सामने सड़क पर जाम कर दिया।

लोगों ने टायर जलाकर आगजनी कर दी। जमकर हंगामा और बवाल होने लगा। इस दौरान रास्ते से गुजर रहे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। लोगों ने पुलिस को खदेड़ने की कोशिश की। मौके पर अफरा तफरी की स्थिति बन गई।

 

हंगामा और बवाल बढ़ते ही नगर डीएसपी राघव दयाल समेत काफी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी समझने को तैयार नहीं हुआ। बवाल बढ़ने लगा।

आक्रोशितों ने पुलिस की दो बाइक को आग के हवाले कर दिया। मामला बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने सलोनी के क्लासमेट को आरोपी बनाया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बच्ची के गले और चेहरे पर जख्म के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर खून भी गिरा हुआ मिला है। टाउन डीएसपी का कहना है की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामला स्पष्ट होगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.