सीतामढ़ी में व्यवसायी की चाकू गोदकर की हत्या, भोज खाकर लौट रहे लोगों की लाश पर पड़ी नजर, परिजनों में मचा कोहराम

 

बिहार के सीतामढ़ी में एक मिठाई व्यवसायी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटना जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार में स्थित बताशा बाजार की है। 24 साल के युवक को अपराधियों ने बेरहमी से मौत के घाट उतारा है। लावारिस हाल में उसका शव दुकान के पास पड़ा था।

मृतक की पहचान बैरगनिया नगर के वार्ड नंबर चार निवासी अर्जुन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में अफरा-तफरी मची है। अर्जुन की दुकान गुदरी बाजार में है। वह रात को अपने दुकान पर ही था।

बताया कि बगल में भोज का आयोजन था। सभी स्थानीय लोग भोज खाने जा रहे थे। इसी दौरान करीब 11 बजे रात को भोज खाकर लौट रहे कुछ लोगों को लावारिस अवस्था में खून से लथपथ शव दिखा। अफरा तफरी का माहौल बन गया।

वहीं, कुछ लोगों द्वारा बैरगनिया थाना की पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रणवीर झा अपने सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं परिजनों को सूचना मिलने के बाद से युवक के घर में कोहराम मचा हुआ है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.