टिफिन बैठक कर भाजपाईयों ने गिनाई केंद्र सरकार की उपलब्धियां – पार्टी में नेता व कार्यकर्ता में नहीं कोई फर्क: साध्वी

फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर चलाये जा रहे अभियान के तहत राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशन में सोमवार को जिले में विधानसभा स्तर पर टिफिन बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें नेताओं व स्थानीय कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य नेता व कार्यकर्ता के बीच की खाई को पाटना रहा।
भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा के संयोजकत्व में टिफिन बैठक आयोजित की गई। जिसमें बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिले की सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने भी हिस्सा लिया। सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सर्वप्रथम केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने का काम किया। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने नौ वर्षों के कार्यकाल में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। जिसकी बदौलत आज भारत की तस्वीर बदल गई है। विदेशों में भारत का मान बढ़ा है। यहां की अर्थव्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत हुई है। कोरोना काल के दौरान भाजपा सरकार ने किसी का साथ नहीं छोड़ा। कोरोना पर विजयश्री हासिल की। बैठक में तमाम भाजपाई मौजूद रहे। इसी तरह हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के आकाश इंटर कालेज में जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह रिंकू लोहारी के नेतृत्व में बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व विधानसभा प्रभारी पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह ने भी हिस्सा लिया। बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि भाजपा टिफिन बैठक के जरिये संदेश देना चाहती है कि पार्टी में नेता व कार्यकर्ता छोटा बड़ा नहीं होता। सभी एक समान हैं। अंत में सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने घर से टिफिन में लाये गये भोजन को एक साथ बैठकर खाया। आगामी लोकसभा चुनाव पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी नेता व कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रत्याशियों को जिताने के लिए जुट जायें। जिससे एक बार फिर देश में मोदी सरकार को लाया जा सके। इस मौके पर जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, मंडल अध्यक्ष हुसैनगंज कृष्ण कुमार, रामू बाजपेयी, राजन जायसवाल, श्रीकांत, गणेश आदि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.