लव जिहाद के खिलाफ हिंदू संगठनों का प्रदर्शन – आरोपी को फांसी की मांग, पीड़िता की मौत के बाद मामले ने पकड़ा तूल

फतेहपुर। जिले में लव जिहाद के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने और बीते दिनों इसकी शिकार हुई किरन की रेप के बाद हत्या करने वाले आरोपी सिकंदर उर्फ सोनू को तुरंत फांसी देने की मांग करते हुए हिंदूवादी संगठनों के सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान शांति व व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक पुलिस बल बंदोबस्त किया गया था। हिन्दुत्ववादी संगठनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि 22 जून को बिंदकी कोतवाली के फरीदपुर स्थित अक्सा मैरिज हाल में शादी समारोह से लड़की गायब हो गई थी। दूसरे दिन भोरपहर लड़की गंभीर हालत में समारोह स्थल से करीब 500 मीटर दूर मिली थी। जिसे नाजुक हालत में कानपुर हैलेट रेफर किया गया था। जहां 26 जून को इलाज के दौरान लडक़ी की मौत हो गई थी। जिसके बाद से मामले ने तूल पकड़ लिया और लोगों में घटना के आरोपी पर सख्त कार्रवाई करने के स्वर मुखर होने लगे थे।
बुधवार को आधा दर्ज़न से अधिक हिन्दुत्ववादी संगठनों ने शहर की सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए नहर कॉलोनी परिसर पहुंचे। यहां से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने पटेलनगर चौराहा में नारेबाजी करते हुए मोर्चा निकाला और लव जिहाद की बढ़ती घटनाओं का विरोध किया। इस मौके पर विभिन्न हिंदुत्ववादी संगठनों के पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त किए। साथ ही डीएम को ज्ञापन देकर मांग की है कि बिंदकी में हुए जघन्य अपराध मामले के दोषियों को तत्काल फांसी की सजा दी जाए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बजरंग दल विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, करणी सेना, हिंदू जनजागृति समिति, धर्म रक्षक समूह एवं समस्त हिंदुत्व संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं ने भाग लिया।
इनसेट-
भाजपा जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को बंधाया ढाढंस

फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, खागा विधायक कृष्णा पासवान, जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल उमरी गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। इसके साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा ने कहा कि जिस प्रकार से धोषी ट्रैवेल्स एजेंसी का संचालक सिकंदर उर्फ सोनू ने बेटी के साथ दुष्कर्म को अंजाम देने के बाद उसकी निर्मम हत्या किया है। उसे कठोर से कठोर सजा मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा जो भी अन्य दोषी है जांच चल रही है। उनको भी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं खागा विधायक कृष्णा पासवान ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा। बच्ची को पूरा न्याय मिलेगा अन्य दोषी भी जेल की सलाखों के पीछे होंगे। वहीं जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल ने कहा कि बच्ची के परिवार को पूरा न्याय मिलेगा। सरकारी कॉलोनी दिलाई जाएगी। इसके साथ ही जो भी सरकारी योजनाएं हैं। उनका पूरा लाभ दिया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा संगठन बच्ची के परिवार के साथ इस दुख की घड़ी में खड़ा है। जब तक परिवार को न्याय नहीं मिल जाता है। तब तक भाजपा संगठन उनके हर सुख दुःख में साथ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.