नागपुर से पुणे जा रही बस डिवाइडर से टकराकर पलटी; आग की लपटों में घिर 26 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में शुक्रवार रात भीषण हादसा हो गया। यहां बुलढाणा में नागपुर से पुणे जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक, बस जब समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर बुलढाणा के पास थी तभी बस पलट गई और इसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। बुलढाणा पुलिस के डिप्टी एसपी बाबूराव महामुनि के मुताबिक, बस में 33 लोग सवार थे। जिनमें से 26 लोगों की जलकर मौत हो गई। वहीं, अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना शुक्रवार रात करीब दो बजे की है। बस से 26  शव निकाले गए हैं। बस में कुल 33 लोग सवार थे। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों का इलाज बुलढाणा सिविल अस्पताल में चल रहा है।

बस का टायर फट गया, जिससे वह एक खंभे और डिवाइडर से टकरा गई और उसमें आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि बस में सवार 33 यात्रियों में से 26 की जलकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बाकी आठ यात्रियों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। सभी सुरक्षित हैं।

इस हादसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए, दुर्घटना में मरने वालों के लिए पांच लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.