बिसौली में कक्षा आठ की छात्रा की गला काटकर हुई हत्या, गांव के बाहर खेत में फेंका शव; शरीर पर मिले चोटों के निशान, इलाके में मचा हडकंप

 

हरदोई जिले में पचदेवरा थाना क्षेत्र के बिसौली गांव में कक्षा आठ की छात्रा की गला काटकर हत्या कर दी गई। छात्रा का शव गांव के बाहर खेत में मिला। जांच में छात्रा के घर पर खून के निशान मिले हैं। छात्रा का पिता घर पर नहीं मिला। इससे ऑनर किलिंग की आशंका जताई जा रही है।

एसपी ने भी घटनास्थल का मुआवना किया है। शनिवार को पचदेवरा थाना क्षेत्र के बिसौली गांव निवासी विनोद कुमार के खेत में किशोरी का खून से सना शव मिला। शव देखते ही ग्रामीणों ने जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवती की शिनाख्त का प्रयास किया।

काफी देर बाद उसकी शिनाख्त पास ही एक गांव की रहने वाली एक किशोरी के रूप में हुई। वह कक्षा आठ में पढ़ती थी। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि छात्रा की गला काटकर हत्या की गई है। शरीर पर भी चोटों के निशान हैं। बताया की घटना में किसी करीबी का हाथ हो सकता है।

 

पुलिस की प्राथमिक जांच में छात्रा के घर पर भी कई स्थानों पर खून के निशान मिले हैं। मृतका के पिता भी घर पर नहीं मिले हैं। इससे पुलिस इसे ऑनर किलिंग से भी जोड़कर देख रही है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।

 

घटना स्थल की तस्वीर बढ़ा रही लोगों में आंशका
लोगों ने बताया कि युवती के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और मौके पर काफी खून भी मिला है। ग्रामीण दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। घटना की सूचना पाकर मौके पर एसपी पुलिस बल और फील्ड यूनिट भी मौके पर पहुंची और घटना के साक्ष्य एकत्र किए हैं।

 

गला काटकर हुई हत्या, फिर शव खेत में फेंका
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटनास्थल और किशोरी के घर के निरीक्षण के बात पुलिस इस मामले में मृतका के किसी करीबी द्वारा हत्या की आशंका जता रही है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच करके शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।

 

कुछ भी बोलने से बच रहे परिजन
घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, सीओ शाहाबाद हेमंत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। मौके का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। हालांकि किशोरी की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, क्योंकि परिजन अभी इस बारे में कुछ बोलने से बच रहे हैं। इसके अलावा ग्रामीणों से भी जानकारी की गई है।

 

किशोरी के पिता और चाचा में है जमीनीं विवाद
बताया जा रहा है कि किशोरी के पिता अनंगपाल और चाचा पूरन का घर की जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इसी बात को लेकर शुक्रवार को भाइयों में मारपीट भी हुई थी। पांच दिन पूर्व अनंगपाल अपने भाई पूरन के घर में घुसा था, जिसको लेकर पूरन की पत्नी सविता से विवाद हुआ था।

पूरन दिल्ली में नौकरी करता है। हालांकि इस समय घर पर ही है। जमीनीं विवाद में भी हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं, पता चला है कि 20 वर्ष पूर्व किशोरी की मां अनंगपाल की दारू पीकर गाली-गलौज करने की आदतों से तंग होकर घर छोड़ कर चली गई थी। किशोरी दो बहनें थी, जिसमें एक की शादी हो चुकी है।

 

शाहाबाद सीओ ने लोगों से की पूछताछ
शाहाबाद सीओ हेमंत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। छात्रा की पहचान के बाद परिजनों से पूछताछ की। आसपास मिले लोगों से भी जानकारी जुटाई है। पुलिस को अहम सुराग भी मिले हैं। छात्रा के घर से निकलने और किसके साथ गई थी आदि सभी बिंदुओं पर जानकारी की जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.