लखनऊ में इंटरव्यू के लिए निकली लड़की की बेरहमी से की हत्या, सिर-गले पर चोटें और दांत टूटे हुए थे; पढ़े पूरी खबर

 

लखनऊ में इंटरव्यू के लिए निकली लड़की की दिनदहाड़े किडनैप करके हत्या कर दी गई। सोमवार दोपहर उसकी लाश बंथरा के अमावा जंगल में मिली। लड़की के दांत टूटे थे। उसके सिर और गले पर चोट के निशान थे। दुपट्‌टा गले पर लिपटा था। आशंका है कि उसी से गला घोंटा गया है।

स्थानीय लोगों ने मौके से 1 संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। लड़की के भाई ने 4 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। इसमें एक नामजद बाकी अज्ञात हैं। फिलहाल, हत्या कैसे की गई? इसके लिए पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

लड़की मोनी कश्यप (24) सरोजनीनगर के गहरू गांव की रहने वाली थी। उसके भाई ने बताया कि उसकी बहन सोमवार सुबह 11 बजे जॉब इंटरव्यू देने के लिए निकली थी। उसको नादरगंज जाना था। दोपहर 3 बजे के करीब उसकी हत्या की सूचना मिली।

लोगों का कहना है कि अमावा के जंगल में उसकी चीखें सुन कुछ लोग बचाने के लिए पहुंचे थे। वहां 4 लोग ई-रिक्शा लेकर भाग रहे थे। इसमें से भीड़ ने एक युवक को पकड़ लिया। कहा जा रहा है कि उसने साथियों के साथ मिलकर बहन की हत्या की है।

रवि ने कहा कि हत्यारों ने मारपीट करके बहन के दांत तक तोड़ दिए। चीखने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। यही नहीं, उसके गाल, सिर और गले पर भी चोट के गहरे निशान हैं।

डीसीपी साउथ विनीत जायसवाल ने बताया,”मौके से पकड़े गए युवक की पहचान बंथरा के रामदासपुर गांव में रहने वाले रूप प्रकाश यादव उर्फ छोटू के रूप में हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है। अभी दुष्कर्म के साक्ष्य नहीं मिले हैं।”

डीसीपी ने बताया कि आरोपी बार-बार बयान बदल रहा है। ग्रामीणों ने उसको अकेले ही देखा है। जबकि उसका कहना है कि बंथरा के मवई इलाके में लड़की को सवारी के तौर पर बैठाया था। लड़की को अमावा के पास जाना था। वहां पर उसको छोड़ भी दिया।

उसने बताया कि किन्हीं 3 लोगों ने उसको मार दिया। चीख-पुकार सुनकर वह वहां उसको बचाने गया था। मदद के लिए पहुंचने पर लोगों ने कातिल समझ लिया।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी 2017 में 9 साल के बच्चे के साथ कुकर्म के बाद हत्या मामले में जेल जा चुका है। तब वह नाबालिग था। साढ़े तीन साल बाद जमानत पर छूटा है। इसलिए आरोपी के लड़की को जंगल में ले जाने से भी इनकार नहीं किया जा सकता। वहां विरोध पर उसने उसको मार दिया। इसमें उसके साथी शामिल थे या नहीं इसकी जांच की जा रही है।

पिछली बार भी पकड़ने जाने पर बयान बदलता रहा था और पूछताछ में अपने ही पिता का नाम ले लिया था। फिलहाल, एरिया के सीसीटीवी भी देखे जा रहे हैं, ताकि सबूत जुटाए जा सकें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.