नाला पर बना पक्का पुल पार करने में जोखिम भरा सफर – किशनपुर-पहाड़पुर मार्ग पर नाला के ऊपर बना पक्का पुल – नगर पंचायत से वर्ष 2014 में हुआ था पुल निर्माण

किशनपुर/फतेहपुर। कस्बा से पहाड़पुर जाने वाली सड़क पर तुर्की नाला के ऊपर बने पक्का पुल के दोनों ओर आधे से अधिक सड़क पहली वर्षा में बह गई। बमुश्किल छह फिट रास्ता बचा है। उसी के सहारे दो पहिया, चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर लेकर किसान निकलते हैं।
किशनपुर-पहाड़पुर मार्ग पर नागा बाबा कुटी के पास से होकर गुजरे नाला के ऊपर बने पक्का पुल के दोनों ओर यह समस्या प्रति वर्ष वर्षा के दिनों में आती है। इधर से गुजरने वाले राहगीरों ने बताया कि पुल निर्माण के समय मिट्टी रोकने के लिए दीवार खड़ी की गई थी। एक साल बाद ही वह दीवार ढह गई थी। तब से प्रति वर्ष पक्का पुल के दोनों ओर मिट्टी का कटान हो जाता है। जिसमें आधी से अधिक सड़क तेज पानी में बह जाती है। वर्ष 2014 में नगर पंचायत ने करीब 25 लाख रुपये की लागत से पक्का पुल का निर्माण कराया था। कार्यदायी संस्था तथा नगर पंचायत द्वारा इस बारे में कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिसका खामियाजा इधर से निकलने वाले 20 गांव के लोग भुगत रहे हैं। राहगीरों ने बताया कि वर्षा के मौसम में कच्ची सड़क पर फिसलन रहती है। उस दौरान वाहन लेकर निकलने में पुल के पास जोखिम अधिक रहता है।
इनसेट-
इन गांवों के निकलते हैं लोग
तुर्की नाला पर बने पक्का पुल से होकर किशुनपुर कस्बा के अलावा पहाडपुर, सेमरिया, मड़ौली, भ्योखर, गुरुवल, रेवाड़ी, जालंधरपुर आदि गांव के लोग निकलते हैं।
इनसेट-
शासन को भेजा जाएगा एस्टीमेट
– नाला पर बने पक्का पुल का निरीक्षण करके कटान देखा जाएगा। अस्थायी व्यवस्था करने के साथ ही मरम्मत का एस्टीमेट तैयार करके शासन को भेजा जाएगा- अमित जायसवाल, अवर अभियंता किशुनपुर।

Leave A Reply

Your email address will not be published.