हरियाणा में आज बारिश: सिरसा में घग्गर के 4 बांध टूटे, कुरूक्षेत्र में व्यक्ति डूबा; 16 को सांप ने काटा

 

हरियाणा में 13 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। रविवार को सिरसा में घग्गर नदी की बांध चार जगहों से टूट गई। मीरपुर, खैरेकां, पनिहारी और बुर्जकर्मगढ़ के बीच और नेजाडला कलां के पास से छोटे बांध टूटे हैं। जिसके बाद घग्गर नदी का पानी रिंग बांध को तोड़कर मुख्य बांध के किनारे तक जा पहुंचा है।

घग्गर का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों को अपने खेतों और मकानों की चिंता सता रही है। इसलिए लोग घग्गर नदी को शांत रखने के लिए इसके किनारे आकर पूजा कर रहे हैं। वहीं करनाल के लालूपुरा में भी यमुना का बांध टूटने का खतरा पैदा हो गया है। यहां कटाव हो रहा है।

राज्य में अंबाला, फतेहाबाद, फरीदाबाद, पंचकूला, झज्जर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, पलवल, सिरसा और यमुनानगर बाढ़ की चपेट में हैं। इन जिलों के 403 गांवों में घग्गर और यमुना नदी का पानी घुस चुका है। इससे 133 कच्चे-पक्के मकान गिर गए हैं। 26 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है, दो लोग लापता हैं। इस दौरान 16 लोगों को सांप काट चुके हैं।

इस त्रासदी के बाद एक बार फिर राज्य में मानसून एक्टिव होने की तैयारी कर रहा है। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि हरियाणा में आज सभी जिलों में हल्की से मध्यम, और कहीं कहीं भारी बारिश के आसार बन रहे हैं।

कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन शहर के गांव गुढ़ा में बाढ़ के पानी में डूबने से एक पशुपालक की मौत हो गई है। बीर सिंह अपने पशुओं को चारा डालकर घर लौट रहा था। रास्ते पर पानी ज्यादा और बहाव तेज होने की वजह से वह रास्ता भटक गया था। इस बीच वह अचानक बाढ़ के पानी में डूब गया।

​​​​​​​फतेहाबाद जिले में आई बाढ़ ने जाखल मंडी को भी चपेट में ले लिया है। देर रात जाखल मंडी में हैफेड के गोदामों में पानी घुस गया। इसके साथ 40 फुटा रोड पर भी पानी भर गया। रंगोई नाले ने अब फतेहाबाद शहर और आसपास की ढाणियों में दहशत फैला दी है।

आइएमडी ने 19 जुलाई तक मौसम का जो पूर्वानुमान जारी किया है उसमें प्रदेश के अधिकतर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। 17 जुलाई को उत्तर हरियाणा के 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है। 5 दिनों के लिए हरियाणा में यलो अलर्ट रखा गया है।

आइएमडी चंडीगढ़ ने बताया कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में किसी तरह का बदलाव नहीं होने वाला। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में गरज चमक की संभावना है।

आइएमडी की और से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, मेवात व पलवल में 25 से 50 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में गिने चुने स्थानों पर बूंदाबांदी संभव है। 17 जुलाई को बारिश का दायरा कुछ बढ़ेगा।

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों के लिए अभी तक कुल 703 मेडिकल कैंप आयोजित किए गए, जिनमें 12680 लोगों का टेस्ट किया गया। इसी प्रकार 28 गांवों व वार्डों में फॉगिंग करवाई गई तथा 10363 ORS के पैकेट वितरित किए गए। विज ने बताया कि इन टीमों द्वारा पानी जनित रोगों और वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

विज ने बताया कि राज्य के बाढ़ प्रभावित 416 गांवों में 328 टीमों ने दौरा किया। उन्होंने बताया कि 340 मेडिकल कैंप आयोजित किए गए। जिनमें 7833 लोगों का चेकअप किया गया। इसी प्रकार 18 गांवों व वार्डों में फॉगिंग करवाई गई तथा 5715 ORS के पैकेट वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि शनिवार को गांवों व वार्डों में 3 लोगों की मौत की रिपोर्ट प्राप्त हुई है।

उन्होंने बताया कि अब तक बुखार के 1312, गैस्ट्रोएंटेराइटिस के 202, पेचिश के 27, सांप के काटने के 16, नेत्र से संबंधित 53, त्वचा रोग 1247 और 4857 अन्य मामलों की रिपोर्ट हुई हैं। इसी प्रकार, अब तक अंटरिंक बुखार के 6 मामलों की रिपोर्ट हुई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.