मुंगेली के शोरूम में लगी भीषण आग: 40 बार हुए धमाके, डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, रोता रहा संचालक; 2 करोड़ का हुआ नुकसान

 

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी में शुक्रवार देर रात महेश मोटर्स के शो रूम में भीषण आग लग गई। इसके बाद वहां 40 से ज्यादा बार धमाके हुए। आस-पास के लोग सहम गए। वहीं फायर ब्रिगेड को इस बात की सूचना तक दी गई थी। इसके बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी तुरंत मौके पर नहीं पहुंची। उसे पहुंचने में डेढ़ घंटे से ज्यादा का वक्त लग गया।

इस हादसे में करीब 2 करोड़ रुपए से ज्यादा के नुकसान की आशंका है। उधर, सूचना मिलने पर शोरूम का संचालक महेश कश्यप मौके पर पहुंच गया और रोने लगा। वह लोगों से गुहार लगाता रहा कि किसी तरह से आग को बुझा लो। मगर आग इतनी जबरदस्त तरीके से फैल चुकी थी कि उसे तुरंत नहीं बुझाया जा सका।

रोज की तरह रात साढ़े 7 बजे शोरूम संचालक ने शॉप बंद कर दी थी। जिसके बाद अचानक रात 10 बजे के करीब शो रूम के अंदर से आसपास के लोगों ने आग की लपटें उठती देखीं। इसकी जानकारी शो रूम संचालक को दी गई। आग लगने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लोगों ने फायर ब्रिगेड को भी तुरंत सूचना दे दी थी, लेकिन डेढ़ घंटे बीत जाने के बाद भी वो नहीं आई।

इसकी वजह से आग शो रूम के एक हिस्से से फैलते हुए हर एक जगह को अपनी चपेट में ले लिया। लगभग डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने देर रात आग पर काबू पाया गया है। जिस जगह पर आग लगी थी, उससे महज 8 फीट की दूरी पर नगर पंचायत अध्यक्ष अंकिता रवि शुक्ला का मकान है। ऐसे में समझा जा सकता है कि नगर पंचायत अध्यक्ष के मकान से लगे होने के बाद भी फायर ब्रिगेड को पहुंचने में इतना वक्त लगना किस तरह की लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है।

SDOP लोरमी माधुरी धिरही ने बताया कि घटना के वक्त लगभग 65 नई बाइक, 40 पुरानी बाइक और सर्विसिंग के लिए आई हुई बाइक रखी हुई थी। इसके अलावा शोरूम में मौजूद सारे पार्टस भी जलकर राख हो गए हैं।

संचालक महेश ने आरोप लगाया है कि फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच जाती तो इतना नुकसान नहीं होता। इस दौरान वह जोर-जोर से रोता रहा, वह रो-रोकर यही कहता रहा कि इसके लिए फायर ब्रिगेड ही जिम्मेदार है।

इधर घटना के बाद लोरमी-कवर्धा मार्ग पर लंबा जाम भी लग गया था। देर रात तक सड़क पर सैकड़ों की संख्या में लोग खड़े रहे। फिलहाल आग की असल वजहों का पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.