जन्म जयंती पर याद किए गए कथा सम्राट प्रेमचंद

हथगाम/फतेहपुर। कस्बे के आदर्श पब्लिक स्कूल में उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद के जन्म दिवस पर काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमोद कुमार द्विवेदी ने आयोजन की सराहना करते हुए बच्चों के मंगलमय भविष्य की कामना की। समारोह की अध्यक्षता भूतपूर्व सैनिक रामपाल सिंह ने की। कहा गया कि प्रेमचंद ने अपने समय की कुरीतियों पर साहित्यिक प्रहार किया और समाज को छुआछूत, भेदभाव सांप्रदायिकता बचाने का काम किया।
कलम के सिपाही, जादूगर उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत मुंशी प्रेमचंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात कार्यक्रम की संचालक ऋतु सिंह ने मुंशी प्रेमचंद के जीवन के संस्मरणों को छात्रों के साथ साझा किया। इसके पश्चात रामधारी सिंह दिनकर की कविता कलम आज उनकी जय बोल का सस्वर पाठ आर्यन, नितिन, हस्सान, रत्नेश और खुशबू द्वारा प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ छात्रों की हौसला अफजाई की। इसके पश्चात कक्षा तीन के छात्र आदर्श, रिया तथा आस्था द्वारा हम सब भारतवासी हैं नामक कविता को शानदार तरीके से प्रस्तुत किया गया। हिंदी साहित्य के प्रतिष्ठित हस्ताक्षर शिवमंगल सिंह सुमन की कविता हम पंछी उन्मुक्त गगन के को कक्षा पांच की शिवांकी और श्रेया द्वारा भावपूर्ण अभिनय के साथ प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अगले चरण में इंशा परवीन और अंजलि मौर्या द्वारा साहिर लुधियानवी की रचना, साथी हाथ बढ़ाना की प्रस्तुति के साथ ही समूचा सभा स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्रतियोगिता की अंतिम प्रस्तुति अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध की कविता कर्मवीर को श्रद्धा और खुशबू ने भावपूर्ण अभिनय के साथ प्रस्तुत किया। कविता के बोल थे, देख कर बाधा विविध बहु विघ्न घबराते नहीं। कार्यक्रम के अंत में कुमार विश्वास की प्रसिद्ध कविता, है नमन उनको का पाठ समूचे विद्यालय के छात्रों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमोद द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में छात्रों से अपने इतिहास और संस्कृति के साथ आत्मीय भाव ग्रहण करने का संदेश देते हुए विद्यालय और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। आयोजन के विशिष्ट अतिथि शिवशरण बंधु ने अपनी कविता ए मेरे वतन के द्वारा श्रोताओं को लगातार तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। विद्यालय प्रबंधक चंद्र कुमार सिंह गुड्डू भैया एवं अभिषेक सिंह ने इस कार्यक्रम के लिए सभी छात्रों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानाचार्य सतीश द्विवेदी ने आमंत्रित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुंशी प्रेमचंद समाज और साहित्य को दिशा दिखाने वाली मशाल है। कार्यक्रम के दौरान विनती श्रीवास्तव, महेश त्रिपाठी, आकाश, विराट, रेखा श्रीवास्तव, पूनम वर्मा, आंचल, विनीता श्रीवास्तव, शाफिया, प्रमिला, रीता मौर्या, देवांशी, आलोक सिंह, सुनील सहित स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.