केंद्रीय मंत्री के घर में बेटे के दोस्त की हत्या, मंत्री के बेटे की पिस्टल से सिर में मारी गोली; बेड के पास मिला शव

 

 

लखनऊ में मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर में एक युवक की हत्या कर दी गई। खून से लथपथ शव कमरे में बेड के पास मिला है। उसके सिर पर गोली मारी गई है। वारदात को मंत्री के बेटे विकास उर्फ आशू की लाइसेंसी पिस्टल से अंजाम दिया गया है। शव के पास से ही पुलिस ने पिस्टल बरामद कर ली है।

मृतक की शिनाख्त विनय श्रीवास्तव के तौर पर हुई है। वह मंत्री के बेटे विकास उर्फ आशू का दोस्त था। पूरी वारदात मंत्री के दुबग्गा स्थित घर पर गुरुवार रात 2 से 2.50 बजे के बीच की है। इस घर में मंत्री का बेटा विकास रहता था। हालांकि, मंत्री ने सफाई दी है कि उनका बेटा दिल्ली में है। वारदात के वक्त वह साथ नहीं था।

 

 

हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंचे DCP राहुल राज ने बताया कि रात में मंत्री के बेटे के घर पर 6 लोग आए थे। देर रात तक खाना पीना चला। उसके बाद घटना हुई। शव को कब्जे में लिया गया है। युवक के सिर में चोट के निशान हैं। एक पिस्टल भी मिली है। पिस्टल विकास की बताई जा रही है। हत्या किसने की और क्यों की? इसका पता लगाया जा रहा है।

मृतक के भाई ने बताया कि ज्यादातर वक्त विनय मंत्री के बेटे विकास के साथ रहता था। कहा, “मेरे भाई को साजिश के तहत मारा गया है। हत्या की गई है। मंत्री का बेटा हमेशा कहीं जाते तो पिस्टल लेकर जाते थे। कल क्यों नहीं ले गए। दिल्ली जाते थे तो भाई को साथ लेकर जाते थे, कल क्यों नहीं लेकर गए?”

 

 

वहीं मंत्री कौशल किशोर ने हत्या में किसी भी साजिश से इनकार किया है। उसका कहना है कि बेटा फ्लाइट से दिल्ली गया था। दूसरे राज्य में लाइसेंस मान्य न होने से घर पर ही पिस्टल छोड़ गया था।

घर में हत्या की सूचना पर मंत्री कौशल किशोर मौके पर पहुंचे। कहा कि मैंने ही पुलिस कमिश्नर को सूचना दी। वहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, ”घटना के वक्त उनका बेटा घर में नहीं था।

 

 

घर में कौन-कौन रहता था?-  इस पर कौशल किशोर ने कहा कि ये तो मुझे नहीं पता। बेटा आशू कल दिल्ली चला गया था। एक लोग की तबीयत खराब थी। वो फ्लाइट से आ रहा है।

विनय आप लोगों के साथ कब से था?-  जवाब में मंत्री ने कहा कि मृतक और उसका परिवार मेरा बहुत करीबी है। विनय 2017 विधानसभा चुनाव से साथ हम लोगों के रहता था। मैं इस दुख की घड़ी में उनके साथ हूं। कौन लोग है इसमें शामिल अब ये पुलिस जांच कर रही है।

क्या बेटे की पिस्टल से ही हत्या हुई है?-  जवाब में मंत्री ने कहा कि यह जांच का विषय है। जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई होगी। जब मुझे घटना का पता चला, तो मैंने ही पुलिस कमिश्नर को फोन करके इसकी सूचना दी।

 

 

उधर, मृतक विनय श्रीवास्तव के परिजनों ने ठाकुरगंज थाने में लिखित तहरीर दी है। इसमें जिक्र किया है कि मंत्री के घर में अजय रावत, शमीम, अंकित और बाबा रहते हैं। मृतक के भाई का कहना है कि हमको बहुत रात में सूचना मिली कि जल्दी विकास किशोर के घर पहुंच जाओ। मेरे छोटे भाई ने ये सूचना दी थी।

विकास ने बताया कि मैं किशोर के घर पहुंचा, तो मेरा भाई जमीन पर पड़ा था। खून से सना था, माथे के ऊपर गोली लगी थी। जिन लोगों पर हत्या का शक है, उनके खिलाफ तहरीर दी है। मंत्री ने न्याय दिलाने की बात कही है। हर संभव मदद कर रहे हैं। मेरा भाई विकास मंत्री के बेटे का राइट हैंड था। मेरे भाई की कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। घटना के बाद मेरे भाई की शर्ट फटी थी।

 

 

केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर में हुई हत्या को लेकर विपक्ष हमलावर है। यूपी कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा-PM मोदी के एक मंत्री हैं…कौशल किशोर। मंत्री जी का घर लखनऊ में है। आज मंत्री जी के घर से एक लड़के की खून से सनी लाश मिली। लड़के की गोली मारकर हत्या की गई है। लाश के पास से जो पिस्टल मिली वो मंत्री जी के बेटे की है। पिछले दिनों आपने देखा था, PM मोदी के एक मंत्री के बेटे ने किसानों पर थार चलाई थी। अब दूसरे मंत्री के घर में हत्या हो रही है। PM मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में चुन-चुनकर नगीने शामिल किए हैं।

 

 

सपा प्रवक्ता और पूर्व MLC सुनील साजन ने कहा- उत्तर प्रदेश अब एक ऐसा प्रदेश बन गया है, जहां आप कहीं सुरक्षित नहीं है। प्रदेश की राजधानी में केंद्रीय मंत्री के घर के भीतर हत्या हो जा रही है। हत्या उनके बेटे की रिवाल्वर से हो रही है। आप सोचिए कहां है कानून व्यवस्था? ये कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले लखीमपुर में भी केंद्रीय मंत्री के बेटे ने किसानों पर थार चढ़ा दी। भाजपा में शामिल मंत्रियों और नेताओं का घर अपराध का अड्‌डा बन गया है।

 

 

बुधवार को केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने सर्वोच्च प्राथमिकता कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की थी। इसमें उन्होंने अपनी ही सरकार में विभागों पर गंभीर सवाल उठाए थे। लखनऊ विकास प्राधिकरण यानी LDA और लेसा की कार्यशैली पर तल्खी जताते हुए दोनों विभागों को लूट का अड्डा बताया था। बैठक में निर्देश भी दिया गया कि 17 सितंबर के बाद हर विधानसभा क्षेत्र में LDA और लेसा से पीड़ित लोगों की सुनवाई की जाएगी।

 

 

कौशल किशोर का पारिवारिक जीवन विवादों से भरा रहा है। इनके बेटे आकाश किशोर का निधन नशे की लत के चलते अक्टूबर, 2020 में हो गया। आकाश को नशा मुक्ति केंद्र भी भेजा गया था, उसकी शादी भी कराई गई थी पर हालात नहीं सुधरे थे।

 

 

बाद में कौशल किशोर ने ट्वीट करके कहा था, “मैंने एक गलती करके अपने नशा करने वाले लड़के की शादी कर दी, जिसकी वजह से आज मेरी बहू विधवा हो गई। अब कोई और लड़की विधवा न हो, इसलिए अपनी लड़कियों की शादी किसी भी नशा करने वाले व्यक्ति से न करें, चाहे वह कितने बड़े पद, पोस्ट पर हो और चाहे कितना ही वह अमीर हो।”

 

 

साल 2021 में कौशल किशोर के बेटे आयुष किशोर की पत्नी अंकिता के नस काटकर खुदकुशी की कोशिश का विवाद गहराया था। आयुष का नाम तब फिर विवादों में फंसा जब उसने खुद पर बदमाशों द्वारा गोली चलाने का आरोप लगाया था। लेकिन पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आयुष ने अपने साले आदर्श के जरिए गोली चलवाई थी।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.