अमेरिका में 70 हजार लोग कीचड़ में फंसे, सरकार ने खाना-पानी बचाने को कहा

 

अमेरिका के नेवाडा राज्य में बर्निंग मैन फेस्टिवल के लिए इकट्ठा हुए 70 हजार लोग कीचड़ में फंस गए हैं। एक की मौत हो चुकी है। सरकारी अधिकारियों ने उन्हें खाना और पानी बचाने को कहा है। दरअसल, अमेरिका के नेवाडा राज्य में हर साल हजारों लोग एक कल्चरल फेस्टिवल मनाने के लिए इकट्ठा होते हैं।

 

 

इस बार भी ऐसा हुआ। हालांकि, लगातार 24 घंटों तक बारिश की वजह से पूरा रेगिस्तानी इलाका कीचड़ में तब्दील हो गया। इससे लोग चल भी नहीं पा रहे हैं। अमेरिका के लैंड मैनेजमेंट ब्यूरो ने कहा कि कीचड़ के बीच गाड़ी चलाना खतरे से खाली नहीं। आगे के कुछ दिनों में और भी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों के पास जरूरत का सारा सामान होना जरूरी है।

 

 

बर्निंग मैन फेस्टिवल नेवाडा के ब्लैक रॉक सिटी में होता है। जो दुनिया के सबसे बेजान रेगिस्तानों में से एक है। यहां लोग कैंप लगाकर कई दिनों तक रहते हैं। अब इमरजेंसी सर्विसज के अलावा इस इलाके में सभी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। इस इवेंट के ऑर्गेनाइजर्स का कहना है कि लोग कई दिनों तक यहां फंसे रह सकते हैं।

 

 

इस फेस्टिवल की शुरुआत 1990 में हुई थी। तब यहां सिर्फ 80 लोग जुटे थे। 1993 में पहली बार यहां पहुंचने वाले लोगों की संख्या 1000 के आंकड़े तक पहुंची। इस बार यहां 70 हजार से ज्यादा लोग जुटे हैं। इस फेस्टिवल का आयोजन अमेरिका में छुट्टियों के दौरान मनाया जाता है।

 

 

यहां दुनियाभर से आए लोग सेलफोन, इंटरनेट जैसी अत्याधुनिक सुख-सुविधाओं से दूर रहकर पारंपरिक नाच-गाने और गीत संगीत के बीच एक सप्ताह गुजारते हैं। ‘बर्निंग मैन’ नाम इसलिए पड़ा क्योंकि फेस्टिवल के आखिरी दिन यहां अपनी ही बनाई गई कलाकृतियों को जला दिया जाता है। इसके पीछे का विचार ये है कि अपनी बनाई चीज को जलाकर हम अपने अंदर के अंहकार को खत्म कर देते हैं।

 

 

फेस्टिवल में आने वाले लोगों को अपने तरीके से जीने की आजादी दी जाती है। उन पर किसी भी तरह की रोक नहीं लगाई जाती। ताकि, वो सही मायने में आजादी का मतलब समझ सकें। हालांकि, यहां पर ऐसी किसी भी चीज का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं, जो पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए। इसकी वजह से यहां पर प्लास्टिक के सामान से बैन हैं।आप यहां पर सिर्फ साइकिल या पैदल ही घूम सकते हैं।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.