भोजपुर में करंट लगने से युवक की हुई मौत, ईंट हटाने के दौरान हुआ हादसा

 

 

बिहार के भोजपुर में मंगलवार शाम करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। जानकारी के अनुसार मृतक उदवंतनगर थाना क्षेत्र के उदवंतनगर गांव वार्ड नंबर 5 निवासी स्व. सिद्धनाथ पांडेय का 35 वर्षीय पुत्र सोनू पांडेय है। वह पेशे से मजदूर था एवं वह टेंट में लाइट का काम करता था। मामला जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के उदवंतनगर गांव का है।

 

 

इधर मृतक के साथ काम कम कर रहे राज मिस्त्री शिव शंकर साह ने बताया कि वह टेंट में लाइट जोड़ने के साथ-साथ राजमिस्त्री के साथ मजदूर का काम करता था। मंगलवार की देर शाम वह उदवंतनगर गांव स्थित फतेहपट्टी में नवनिर्मित मकान में लेबर का काम कर रहा था। जहां पिलर पर पहले से बिजली का तार टूट कर गिरा हुआ था। उसी दौरान उसका हाथ उसी पिलर में स्पर्श कर गया। जिसके कारण वह करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह घायल हो गया।

 

 

इसके बाद परिजन द्वारा उसे इलाज के लिए उदवंतनगर पीएचसी से आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने देख उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात परिजनों ने इसकी सूचना सदर अस्पताल में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी को दी। सूचना पाकर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया।

 

 

बताया जाता है कि मृतक अपने चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था। मृतक के परिवार में मां गिरजा कुंवर,पत्नी नीतू देवी व दो पुत्री गीता एवं सुनीता है। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। वही इस हादसे के बाद मृतक की मां गिरजा कुंवर,पत्नी नीतू देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.