सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का समापन, भण्डारे का आयोजन

फतेहपुर। तेलियानी विकास खंड के पराग साहू इंटर कालेज परिसर जमालपुर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा का समापन हो गया। श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के समापन पर हवन शांति, पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण किया गया।सात दिवसीय कथा में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने प्रतिदिन बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का लाभ लिया।कथा में भक्तों को श्रीमद भागवत कथा की महिमा बताई।कथा व्यास भार्गव जी महाराज ने लोगों से भक्ति मार्ग से जुड़ने और सत्कर्म करने को कहा। उन्होंने कहा कि हवन-यज्ञ से वातावरण एवं वायुमंडल शुद्ध होने के साथ-साथ व्यक्ति को आत्मिक बल मिलता है। यज्ञ से देवता प्रसन्न होकर मनवांछित फल प्रदान करते हैं।कथावाचक ने भंडारे के प्रसाद का भी वर्णन किया।उन्होंने कहा कि प्रसाद तीन अक्षर से मिलकर बना है।पहला प्र का अर्थ प्रभु,दूसरा सा का अर्थ साक्षात व तीसरा द का अर्थ होता है दर्शन। जिसे हम सब प्रसाद कहते हैं।हर कथा या अनुष्ठान का तत्व सार होता है जो मन बुद्धि व चित्त को निर्मल कर देता है।मनुष्य शरीर भी भगवान का दिया हुआ सर्वश्रेष्ठ प्रसाद है।जीवन में प्रसाद का अपमान करने से भगवान का ही अपमान होता है। भगवान को लगाए गए भोग का बचा हुआ शेष भाग मनुष्यों के लिए प्रसाद बन जाता है।कथा समापन के दिन विधि विधान से पूजा करवाई गई। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर यज्ञाचार्य संदीप तिवारी, शिवांचल तिवारी, यश शुक्ला ने विधि विधान से पूजन कराया। कार्यक्रम आयोजक राजकुमार साहू सप्तनिक, पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राजू साहू, अनीता साहू सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.