तुर्किये ने UN असेंबली में फिर उठाया कश्मीर मुद्दा, कहा- साउथ एशिया में विकास के लिए कश्मीर में शांति जरूरी

 

विदेश। तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने UN जनरल असेंबली में एक बार फिर से कश्मीर का मुद्दा उठाया है। UNGA के 78वें सेशन में एर्दोगन ने कहा- साउथ एशिया में शांति, स्थिरता और विकास के लिए कश्मीर में न्याय के साथ शांति स्थापित करना बेहद जरूरी है। इसके लिए भारत और पाकिस्तान को बातचीत और सहयोग के जरिए मामला सुलझाना होगा।

एर्दोगन ने कहा- हम कश्मीर में शांति के लिए जो भी कदम उठाए जाएंगे, उसका समर्थन करेंगे। भारत UNSC में एक अहम भूमिका निभा रहा है और ये गर्व की बात है। UNSC के टेमपररी मेंबर्स को भी परमानेंट बनाया जाना चाहिए। तुर्किये के राष्ट्रपति ने कहा- दुनिया 5 देशों से बड़ी है। ये अब सिर्फ अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, चीन और फ्रांस की बात नहीं है।

 

 

 

तुर्किये लगातार कश्मीर को लेकर विवादित बयान देता आया है। इससे पहले मार्च में UNHRC की मीटिंग में भी एर्दोगन ने UN रिजॉल्यूशन के जरिए कश्मीर मुद्दा सुलझाने की बात कही थी। इस पर भारत ने तुर्किये को देश के आंतरिक मामलों से दूर रहने को कहा था।

इससे पहले पिछले साल भी UNGA की मीटिंग में तुर्किये ने कश्मीर पर बयान दिया था। तब एर्दोगन ने कहा था- कश्मीर पर 74 साल से समस्या जारी है। हमारा मानना है कि दोनों पक्षों को संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर इसे हल कर लेना चाहिए।

 

 

 

2019 में कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने के बाद पाकिस्तान ने इसका विरोध किया था। इसमें तुर्किये ने उसका साथ दिया था। 2020 में UNGA की मीटिंग में एर्दोगन ने कहा था- कश्मीर साउथ एशिया के लिए अब भी एक बड़ा मुद्दा है। आर्टिकल 370 हटने की वजह से हालात और खराब हो गए हैं। तुर्किये ने UN रिजॉल्यूशन के तहत मुद्दा सुलझाने की पैरवी की थी।

वहीं 2019 में कश्मीर का जिक्र करते हुए एर्दोगन ने कहा था- इस मुद्दे को संघर्ष नहीं बल्कि बातचीत से सुलझाना जरूरी है, जिससे कश्मीरी लोग अपने पाकिस्तानी और भारतीय पड़ोसियों के साथ मिलकर शांति से रह सकें। एर्दोगन ने ये भी आरोप लगाया था कि क्षेत्र के करीब 80 लाख निवासी नाकाबंदी में हैं। उन्हें कश्मीर से बाहर जाने की इजाजत नहीं दी जारी है।

 

 

 

तुर्किये कश्मीर के मुद्दे पर भारत के खिलाफ जाकर पाकिस्तान का समर्थन करता है। पिछले साल जब जनरल एसेंबली की मीटिंग में कश्मीर पर वोटिंग हुई तो 193 देशों में पाकिस्तान के प्रस्ताव का केवल तुर्किये ने समर्थन किया था।

इतना ही नहीं, पाक और तुर्किये तेजी से डिफेंस साझेदारी बढ़ा रहे हैं। अप्रैल 2023 में तुर्किये ने पाकिस्तान को बायरकतार टीबी 2 ड्रोन दिए। यह ड्रोन रूस-यूक्रेन युद्ध में अपनी काबिलियत साबित कर चुका है।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.