कॉलेज तक स्पोट्‌र्स में इंटरेस्ट नहीं था: एशियन गेम्स में सिल्वर जीतने वाले अर्जुन ने आर्मी जॉइन करने के बाद सीखी रोइंग

 

 

स्पोर्ट्स। आर्मी में सूबेदार अर्जुन लाल जाट ने एशियन गेम्स में रोइंग के लाइट वेट डबल्स स्कल में पहली बार भारत को सिल्वर मेडल दिलाया है। अर्जुन जयपुर के पास शाहपुरा में नयाबास गांव के रहने वाले हैं। चीन के हांगझोऊ में चल रहे एशियन गेम्स में रविवार को अर्जुन और यूपी के अरविंद सिंह की जोड़ी ने फाइनल में 6 मिनट, 28.18 सेकेंड का समय लेकर सिल्वर मेडल जीता।

अर्जुन के परिवार ने बताया- कॉलेज लाइफ तक अर्जुन को स्पोट्‌र्स में रुचि नहीं थी। साल 2014 में आर्मी में भर्ती होने के बाद रोइंग सीखना शुरू किया। वहीं, एशियन गेम्स में अर्जुन की कामयाबी के बाद उनके घर पर मंगल गीत गाए जा रहे हैं।

 

 

 

परिवार ने बताया- अर्जुन का 2014 में राजपूताना राइफल्स में सिपाही के पद पर चयन हुआ था। आर्मी में उनकी मुलाकात रोइंग कोच बजरंग लाल ताखर से हुई। इसके बाद उन्होंने रोइंग करना शुरू कर दिया। कोच बजरंग के कहने पर ही अर्जुन ने 2014 से रोइंग की जमकर तैयारी की। 2020 में नायब सूबेदार के पद पर प्रमोशन हुआ। 2021 में टोक्यो ओलिंपिक से लौटने के बाद सूबेदार के पद पर प्रमोशन हुआ। वर्तमान में अर्जुन आर्मी रोइंग नोड, पुणे में सूबेदार के पद पर तैनात हैं।

साल 2021 में टोक्यो ओलिंपिक में भी अर्जुन लाल जाट ने नौकायन में अपने साथी अरविंद सिंह के साथ लाइट वेट डबल स्कल्स में अच्छा प्रदर्शन कर विश्व स्तर पर 11वीं रैंक प्राप्त की थी। अर्जुन का फोकस अब 2024 में होने वाले पेरिस ओलिंपिक पर है।

 

 

 

अर्जुन ने क्लास 1 से 5वीं तक राजकीय प्राथमिक स्कूल नयाबास में पढ़ाई की। इसके बाद पास के गांव धवली के राष्ट्रीय आदर्श विद्या मंदिर में क्लास 6 से 12 तक अध्ययन किया। कॉलेज एजुकेशन कालाडेरा के आर एल सहरिया महाविद्यालय में ग्रहण की।

अर्जुन के अलावा उनके भाई धर्मराज और सायर मल भी भारतीय सेना में सेवा दे रहे हैं। एक भाई बलदेव चौधरी खेलों में ही भाग ले रहा है। पिता रामस्वरूप जाट किसान हैं। पत्नी अनीशा गृहिणी हैं। अर्जुन के 4 साल की बेटी अवनि है।

 

 

 

अर्जुन की जीत के लिए परिजनों ने कुल देवता सहित क्षेत्र के धार्मिक स्थलों पर मन्नत मांगी थी। मेडल जीतने के बाद अर्जुन के पिता रामस्वरूप जाट और माता नारंगी देवी ने अपने कुल देवता परमानंदजी महाराज के आश्रम पहुंचकर महंत प्रहलाद दास महाराज का आशीर्वाद लिया। ठाकुर जी की पूजा-अर्चना की। वहीं, जीत की खुशी में महिलाओं ने घर पर मंगल गीत गाए।

नयाबास ग्राम पंचायत की सरपंच सुमित्रा देवी जाट ने बताया- एशियन गेम्स में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करके अर्जुन लाल जाट का गांव लौटने पर ग्राम पंचायत प्रशासन की ओर से अभिनंदन किया जाएगा।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.