जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सुनी फरियादियों की शिकायतें

– अधिकारी आपस मे टीम बनाकर विवादित जमीन वाले प्रकरणों को करायें हल

फतेहपुर। माह के प्रथम शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस सदर तहसील में जिलाधिकारी सी0 इंदुमती व पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह के संयुक्त तत्वाधान में सम्पन्न हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस सदर में जिला कृषि अधिकारी व सहायक विकास अधिकारी(कृषि) के अनुपस्थित रहने पर चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश सम्बंधित को दिए गए। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को बड़े ही सरल एव सहज भाव से सुना और निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये, कि शासन के मंशानुरूप प्राप्त शिकायतो को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण ,संतुष्टिपरक व समयबद्ध तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करे। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता व लापरवाही न बरती जाये। भूमि सम्बन्धी प्रकरणों के निस्तारण के लिए राजस्व विभाग व पुलिस विभाग के अधिकारी आपस मे समन्वय बनाकर टीम भावना से विवादित जमीन वाले प्रकरणों का हल कराया जाये, इसमें किसी प्रकार का पक्षपात न किया जाये, कार्यवाही करते हुए पीड़ित को न्याय दिलाया जाये। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से सम्बन्धित फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुनकर उनके निराकरण हेतु क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि शिकायतों को प्राथमिकता एवं गम्भीरता से सुनें तथा उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण भी सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील -सदर में कुल 35 शिकायती पत्र शिकायतकर्ताओ से प्राप्त हुए, के सापेक्ष 07 का निस्तारण अधिकारियों द्वारा मौके पर किया गया। शेष प्राथर्ना पत्रों को समयबद्धता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर प्रभाकर त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 अशोक कुमार, चकबन्दी अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0, उपनिदेशक कृषि,जिला सूचना अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारियो सहित अन्य सम्बंधित उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.