साइबर अपराध से बचाव की बच्चों को दी गई जानकारियां

फतेहपुर। साइबर अपराध व महिला अपराध के विरूद्ध चलाये जा रहे जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को सेंट जेवियर्स हाइस्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यशाला में साइबर क्राइम सेल व मिशन शक्ति, एंटी रोमियो टीम ने संयुक्त सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का उद्देश्य छात्र-छात्राओं के बीच साइबर सुरक्षा व महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और महिला सुरक्षा को बढ़ावा प्रदान करना है। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर वीर सिंह, क्षेत्राधिकारी थरियांव प्रगति यादव, महिला थाना प्रभारी संगीता सिंह की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने हेतु पीपीटी प्रेजेंटेशन और वीडियो के माध्यम से जानकारी दी गयी। साथ ही महिलाओं से सम्बंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबर- 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्प लाइन, 1090 वुमेन पावर हेल्प लाईन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्प लाइन व 181 महिला हेल्प लाइन के बारे में बताया गया। साइबर सेल टीम के सदस्य बीएल सिंह ने साइबर अपराध से बचाव की बारिकियों को बताया। वर्तमान में हो रहे साइबर अपराध, ओटीपी फ्राड, एटीएम कार्ड की जानकारी शेयर न करना, लोन फ्राड, सेक्सटार्शन फ्राड, सोशल मीडिया फ्राड, कस्टमर केयर फ्राड, व्हाट्सएप व टेलीग्राम से सम्बन्धित साइबर फ्राड आदि की विस्तृत जानकारी दी। प्रभारी साइबर क्राइम सेल ने साइबर अपराध के विभिन्न प्रकार एवं उनसे सुरक्षित रहने के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अपनी पर्सनल जानकारी, बैंक डिटेल्स आदि कभी भी किसी से शेयर नहीं करनी चाहिए। किसी भी अनाधिकृत ऐप को इंस्टॉल नहीं करना चाहिए। किसी भी वेबसाइट का इस्तेमाल करते समय पूर्ण सतर्कता बरतनी चाहिए। किसी भी कार्य के लिए उसे आर्गेनाइजेशन की ऑफिशल वेबसाइट का ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए। मोबाइल या ईमेल पर आए अनाधिकृत लिंक पर क्लिक न करें। एटीएम का उपयोग भी अत्यंत सावधानीपूर्वक किया जाना चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.