करवा चौथ मानाने से पहले ही तीन विवाहिताओ ने की आत्महत्या: वजह जान लोग रह गए हैरान

 

आगरा में करवा चौथ पर शहर में तीन विवाहिताओं ने फंदे से लटक कर जान दे दी। हालांकि पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिले। शव फंदे पर लटके थे। पुलिस का कहना है कि गृहक्लेश में आत्मघाती कदम उठाने की आशंका है। परिजन ने तहरीर नहीं दी है।

नालंदा, बिहार निवासी अमन की शादी 9 साल पहले प्रिया उर्फ गुड्डी से हुई थी। दो बच्चे हैं। अमन प्राइवेट नौकरी करते हैं। चार महीने पहले शिवा कुंज में किराये पर मकान लिया था। प्रिया कपड़े सिलने का काम करती थीं। बुधवार सुबह उन्होंने बच्चों को स्कूल भेजा।

 

 

व्रत भी रखा था। पति दूसरे कमरे में था। सुबह 10 बजे पति कमरे में गया तो पत्नी का शव फंदे से लटका देखा। पुलिस को सूचना दी। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि पति-पत्नी में दो दिन से बातचीत बंद थी। विवाहिता के परिजन को सूचना दी गई है। वह बिहार से आगरा के लिए चल दिए हैं।

घटना मोहनपुरा, ईदगाह की है। शिवानी (20) की शादी फरवरी में संदीप के साथ हुई थी। वह किराये पर रह रहे थे। सोमवार को शिवानी मायके आई। मंगलवार को करवा चौथ का सामान खरीदा। मेहंदी भी लगवाई थी। तभी पति का फोन आया। उसे घर बुला लिया। पुलिस ने बताया कि इस बात पर दोनों के बीच अनबन हो गई। शिवानी ने फांसी लगा ली। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

घटना कांशीराम आवास, पथौली की है। 28 वर्षीय लता का शव फंदे से लटका मिला। थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि लता की शादी 12 साल पहले चमन से हुई थी। चमन गाड़ी चालक है। उनके दो बच्चे हैं। बुधवार सुबह लता ने दोनों बच्चों को घर के पास ही अपनी बहन के पास भेज दिया। 10 बजे पति आया तो वह फंदे से लटकी मिली। पुलिस को दोपहर में सूचना दी गई। लता का मायका मथुरा में है। पुलिस परिजन की तहरीर का इंतजार कर रही है।

डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि ‘विवाहिताओं के शव फंदे से लटके मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। परिजन की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।’

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.