विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के लिए उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष पूजा

 

भारत में क्रिकेट विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के लिए उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष पूजा की गई। भस्म आरती के बाद पुजारियों ने मंत्र पढ़कर बाबा महाकाल से भारतीय क्रिकेट टीम की जीत का आशीर्वाद मांगा। MP के शहरों और कस्बों में सार्वजनिक जगहों पर बड़े परदे लगाकर मैच देखने के इंतजाम किए गए हैं। टीम की जीत के लिए प्रार्थनाएं की जा रही हैं।

वनडे वर्ल्ड कप 2023 का सबसे बड़ा मुकाबला यानी फाइनल आज मेजबान भारत और पांच बार की विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। मैच दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगा।

 

 

महाकाल मंदिर के पुजारी महेश शर्मा ने कहा, ‘भारत विश्व गुरु रहा है। भारत में इतनी कलाएं थीं कि मंत्रों के द्वारा ही सारे कार्य कर दिए जाते थे। भारत की जीत के लिए भगवान से प्रार्थना की है। भारत की उन्नति सदा बनी रहे, ओलिंपिक में गोल्ड मेडल आए, खेल और हर क्षेत्र में भारत विश्व गुरु बने, यही प्रार्थना और कामना की है।’

श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को भस्म आरती के लिए तड़के 4 बजे मंदिर के पट खुले। जलाभिषेक के बाद दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद भगवान के मस्तक पर रजत का त्रिनेत्र, त्रिपुंड और सर्प अर्पित कर श्रृंगार किया गया। भांग, चंदन, सूखे मेवों और फूलों से राजा स्वरूप में सजाया गया।

 

 

भोपाल में संस्कृति बचाओ मंच ने प्लेटिनम प्लाजा के पास मां वैष्णो धाम आदर्श नवदुर्गा मंदिर में भारतीय टीम की जीत के लिए रुद्राभिषेक किया। रविवार सुबह 10 बजे इसकी शुरुआत हुई, जिसमें ब्राह्मण-पुजारियों द्वारा सामूहिक वैदिक पाठ किया गया।

भारत के वर्ल्ड कप जीतने के लिए इंदौर में प्रार्थनाएं की जा रही हैं। रविवार सुबह कई मंदिरों में पूजा-पाठ व हवन हुए। खजराना गणेश मंदिर में भी पंडितों ने हवन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन के बाद यहां गणेश अथर्व शीर्ष का पाठ भी किया गया। हवन के दौरान क्रिकेट किट लेकर बच्चे भी बैठे थे। इन्हें भारतीय टीम के प्रतिनिधि के रूप में बैठाया गया था।

 

 

इंदौर के राजवाड़ा और मॉल्स में बड़ी स्क्रीन पर लाइव स्ट्रीमिंग के इंतजाम किए गए हैं। शहर की कई व्यापारिक और सामाजिक संस्थाएं भी लाइव स्ट्रीमिंग से मैच दिखाएंगी। यशवंत क्लब जैसे प्रमुख क्लब मैच का आयोजन करेंगे। छप्पन दुकान पर भी एसोसिएशन के सचिव गुंजन शर्मा का कहना है कि, भारत एक बार फिर से वर्ल्ड कप जीतने की ओर अग्रसर है। फाइनल मैच के खास मौके के लिए बड़ी स्क्रीन लगवाई गई हैं।

भारत की जीत के लिए आगर मालवा के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में 11 पंडितों ने विशेष हवन अनुष्ठान किया। मंदिर में विशेष हवन अनुष्ठान से विजयश्री का आशीर्वाद मिलने की मान्यता है। देश भर से लोग विजयश्री का आशीर्वाद लेने मंदिर आते हैं।

 

 

क्रिकेट विश्व कप फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के लिए बुरहानपुर में भी दुआएं की गईं। रविवार सुबह 11 बजे मुस्लिम समाज के लोग कुतुब हजरत शाह बहाउद्दीन बाजन रेहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पर पहुंचे और दुआ मांगी। AIMIM के प्रत्याशी नफीस मंशा खान ने कहा, भारत न सिर्फ वर्ल्ड कप में कामयाबी हासिल करे, बल्कि रिकॉर्ड भी कायम करे, ऐसी दुआ हमने मांगी है।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.