मानसिक हालत से बीमार यूवक ने लगाई फांसी: माँ का रो-रो कर बुरा हाल

 

 

उत्तर प्रदेश के बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में गांव कनऊ खेड़ा निवासी युवक ने गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटक कर जान दे दी। वह रात करीब एक बजे चारपाई पलटा कर घर से भाग गया था। तब से उसकी मां तलाश कर रही थी। सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। मां का कहना है कि युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। परिवार वाले उसका उपचार करा रहे थे।

ग्राम कनऊ खेड़ा निवासी सोमेंद्र मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। वह दो भाइयों में छोटा था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। उसका परिवार रमनगला गांव का रहने वाला था। करीब तीन साल पहले रमननगला गांव में उसके बड़े भाई की हत्या हो गई थी। इसके बाद परिवार वाले रमनगला गांव छोड़कर कनऊ खेड़ा आ गए थे। यहां उन्होंने अपना मकान बनवा लिया था। युवक के पिता की मौत हो चुकी है। घर में केवल उसकी मां वीरावती और 10 साल का भतीजा है।

मां वीरावती के अनुसार सोमेंद्र की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। वह उसका उपचार करा रही थीं। सोमवार रात सोमेंद्र जिस चारपाई पर सो रहा था। वह चारपाई पलटा कर घर से निकल गया। वह उसके पीछे-पीछे भी गईं लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह ग्रामीण खेतों की ओर गए, तब उन्होंने युवक का शव फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना पर उसकी मां और गांव के तमाम लोग पहुंच गए। बाद में थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.