बांक पलरा मार्ग की मरम्मत शुरू होते ही लोगों ने ली राहत की सांस

० इंगोहटा छानी मार्ग की मरम्मत न होने से पनप रहा आक्रोश
सुमेरपुर। पिछले कई वर्षों से खराब पड़े बांक पलरा मार्ग की मरम्मत शुरू होते ही लोगों ने राहत की सांस ली है। उधर टेण्डर होने के बाद इंगोहटा छानी मार्ग की मरम्मत शुरू न होने से लोगों में आक्रोश पनप रहा है।
        बांक पलरा मार्ग कई वर्षों से ध्वस्त पड़ा था। यह मार्ग सुमेरपुर इंगोहटा छानी मार्ग को सीधे जोड़ता है। यह मार्ग कई वर्षों से बांक पलरा के मध्य बुरी तरह से ध्वस्त था। इसको बनवाने के लिए पलरा, बिदोखर पुरई, बिदोखर मेंदनी सहित आसपास के गांवों के प्रधान सांसद विधायक से कई बार मांग कर चुके थे लेकिन सड़क नहीं बन पा रही थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद इस सड़क को मरम्मत में शामिल करके निर्माण शुरू कराया गया निर्माण शुरू होते ही इस मार्ग से जुड़े गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है। प्रतिदिन सुमेरपुर की यात्रा करने वाले इंद्रपाल यादव, सुंदरलाल प्रजापति, लालाराम यादव, रामखिलावन श्रीवास, नवीन यादव आदि ने बताया कि सड़क बन जाने से खूनी हाईवे से आवागमन करने से छुटकारा मिलेगा। उधर टेंडर होने के बाद अभी तक इंगोहटा छानी मार्ग के मरम्मत कार्य नहीं शुरू हुआ है। इससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। मवईजार के पूर्व प्रधान महेशचंद्र शिवहरे, बण्डा के पूर्व प्रधान संजय सिंह, धनपुरा के मयंक निगम आदि का कहना है कि इस मार्ग की मरम्मत न होने से आवागमन में बहुत कठिनाइयां हो रही है। लोगों को सड़क खराब होने से कई किलोमीटर के अतिरिक्त चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ रहा है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.