दुल्हे में ऐसा क्या देखा की दुल्हन ने लौटाई बारात: जयमाल छोड़ लाल जोड़े में पहुंची थाने

 

लखनऊ में गुरुवार को एक दुल्हन ने द्वार पूजा के बाद बारात लौटा दी। दरअसल, एक हादसे के बाद दूल्हे के एक हाथ की तीन उंगलियां टेढ़ी हो गई थीं। बारात आने के बाद दुल्हन ने जब उसकी टेढ़ी उंगलियां देखी तो वह गुस्सा हो गई। उसने शादी से इनकार कर दिया।

इसके बाद परिवार वाले दुल्हन को समझाने में लगे रहे। मगर दुल्हन ने किसी की नहीं सुनी। थाने पहुंचकर दुल्हन ने कहा- दबाव बनाओगे तो सुसाइड कर लूंगी। इसके बाद बारात वापस लौट गई। घटना चिनहट थाना क्षेत्र की है।

 

 

इंस्पेक्टर चिनहट आलोक राव ने बताया, बाराबंकी के सूरतगंज निवासी युवक की शादी रामनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से तय हुई थी। शादी 14 दिसंबर को चिनहट थाना क्षेत्र के देव मंदिर के पास होनी थी। गुरुवार रात को बारात पहुंची। शादी की रस्में शुरू हुईं। इस बीच, लड़की पक्ष की महिलाओं और दुल्हन की सहेलियों की नजर दूल्हे के दाएं हाथ पर पड़ी। टेढ़ी उंगली को लेकर उनमें कानाफूसी शुरू हो गई।

तभी दुल्हन भी दूल्हे का हाथ देखकर भड़क गई। इन सबके बीच द्वार पूजा हो गई। लेकिन आगे की रस्मों के लिए दुल्हन ने मना कर दिया। दुल्हन के कहने पर लड़की वालों ने शादी से मना कर दिया। इस पर लड़के पक्ष के लोग भी नाराज हो गए। पहले तो उन्होंने लड़की पक्ष को समझाने की कोशिश की। लेकिन जब वह नहीं माने तो विवाद बढ़ा और वह थाने पहुंच गए।

 

 

 

चिनहट कोतवाली पहुंचे दूल्हे के परिजनों ने तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई। इस दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों का बयान दर्ज किया और समझा बुझाकर शादी के लिए मनाने की कोशिश की। मगर दुल्हन शादी न करने की बात पर अड़ी रही। इसके बाद बारात को वापस लौटना पड़ा।

दूल्हे ने बताया, करीब 3 महीने पहले शादी तय हुई थी। दोनों पक्षों और लड़के और लड़की को देखकर शादी तय की थी। 2 महीने पहले लखनऊ से बाराबंकी लौटते वक्त बाइक से लड़के का एक्सीडेंट हो गया। जिसके बाद उसके दाएं हाथ की उंगलियां टूट गई। इलाज के बाद उंगलियां जुड़ गईं, लेकिन तीन उंगलियां सीधी नहीं हो रही है। अभी ये जानकारी नहीं मिल पाई है कि दूल्हे की उंगली टेढ़ी होने की बात दुल्हन पक्ष को पहले से पता थी या नहीं।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.