डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण करने के बाद किया कत्ल, परिजनों और लोगों के उड़े होश

फिरोजाबाद- शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्जी गली इमाम बाड़ा निवासी मोहम्मद आकिब की लगभग डेढ़ वर्षीय पुत्री महक उर्फ महर की हत्या के बाद पूरा परिवार टूट गया है। घटनास्थल पर मिले बच्ची के शव में उसका सीधा हाथ और कान कटा हुआ था। जिसका शव मिलने के बाद लोगों की काफी संख्या में भीड़ जुट गई। जिनके बीच कई तरह की चर्चाएं जोर पकड़ने लगीं। बालिका का हाथ और कान कटा देखकर लोग तंत्र-मंत्र के चलते किसी हथियार से हाथ और कान काटने के कयास लगा रहे हैं। पुलिस की मानें तो हाथ और कान को किसी जानवर द्वारा खाए गए हैं। मासूम के नाजुक अंगों पर भी चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे।
जबकि इसके अलावा बच्ची के शरीर के अन्य हिस्सों पर जानवर द्वारा खाए जाने के निशान नहीं दिखाई दिए। पुलिस ने आरोपी फूफा का बच्ची को गोद में उठाकर ले जाने का सीसीटीवी फुटेज भी दिखाया है। जिसके आधार पर पुलिस का मानना है कि फूफा ने ही शराब पीकर बच्ची की हत्या की है। जबकि लोग एवं परिजन इस हत्या के पीछे कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को अपहरण की घटना के बाद से हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद से आरोपी एवं उसकी पत्नी पुलिस की हिरासत में है। ऐसे में यह कुछ सवाल पुलिस की थ्योरी से मिलते हुए नजर नहीं आ रहे हैं। पंजाबी कॉलोनी में रविवार को कबाड़ बीनने वाले एक बच्चे ने मासूम का शव नाली के समीप पड़ा देखा। शव से दुर्गंध उठ रही थी। जिसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद आरोपी के पजाया रूकनपुरा स्थित किराए के मकान पर जाकर छानबीन की। इंस्पेक्टर रूकनपुरा पहुंचे, जहां लोगों से आरोपी और उसके परिवार के बारे में जानकारी हासिल की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.